(कैबिनेट) असम के सिलचर ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के विकास को मंजूरी

25 Nov 2026 15:58:53
Chennai airport


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार असम के सिलचर जिले के डोलू में 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का विकास करेगी। एयरपोर्ट से पूर्वोत्तर भारत की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विकास गलियारों (ग्रोथ कॉरिडोर) के साथ कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय की योजना को मंजूरी दी। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रमुख बुनियादी ढांचे के तौर पर 12,351 वर्ग मीटर की टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। व्यस्ततम समय में एयरपोर्ट की क्षमता 800 यात्रियों की होगी। इसमें 2,705 मीटर x 45 मीटर का रनवे होगा। साथ ही छह एयरबस ए-320 विमानों के लिए एप्रन पार्किंग क्षमता होगी।

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट दक्षिण असम और बराक घाटी के लिए एक नया प्रवेश द्वार बनेगा। इससे मौजूदा सिलचर एयरपोर्ट की परिचालन और जगह संबंधी कमियों दूर होंगी। इससे दक्षिण असम और पड़ोसी राज्यों के नजदीकी इलाकों में हवाई यातायात की बढ़ती मांग पूरी होगी। इसके अलावा क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0