(कैबिनेट) विमानन एमआरओ के लिए सिंगापुर गणराज्य के साथ एमओयू को मंजूरी

25 Nov 2026 19:46:53
राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विमानन क्षेत्र में रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहॉल सुविधा के लिए सिंगापुर के साथ एक समझौता ज्ञापन को मंजूरी दे दी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विमानन रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल क्षेत्र में कौशल और उद्योग विकास में सहयोग के लिए भारत और सिंगापुर गणराज्य के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर को मंजूरी दी है। मंत्रिमंडल के इस फैसलों की जानकारी केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

वैष्णव ने बताया कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य भारत को एक वैश्विक विमानन एमआरओ हब बनाना और भारतीय एयरलाइंस की विदेशी रखरखाव केंद्रों पर निर्भरता को कम करना है। इस समझौता ज्ञापन से रखरखाव संबंधी कौशल विकास सुदृढ़ होगा और मरम्मत एवं ओवरहॉल सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलेगी।

एमओयू के प्रमुख प्रावधान-

विमान रखरखाव अभियंता प्रशिक्षण के लिए उद्योग आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम का संयुक्त रूप से विकास करना।

गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रम सुनिश्चित करने के लिए भारतीय संस्थानों की विशेषज्ञता बढ़ाना तथा उनकी क्षमता का विकास करना।

भारतीय छात्रों को व्यावहारिक औद्योगिक अनुभव प्रदान करने के लिए सिंगापुर की एमआरओ कंपनियों के साथ इंटर्नशिप और आदान-प्रदान कार्यक्रमों की व्यवस्था।

एमआरओ सुविधाओं के विस्तार में सहयोग के लिए भारतीय और सिंगापुर के उद्योग जगत के हितधारकों के बीच साझेदारी सुगम बनाना।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0