भारत गौरव उत्सव में संघ पर चार पुस्तकों का विमोचन

25 Nov 2026 17:22:53
Former Governor Bhagat Singh Koshyari and Rashtriya Swayamsevak Sangh's Venerable V. Shanta Kumari releasing the Sangh Centenary books of Chanakya Varta Publication Group in New Delhi on Wednesday.


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह की दिल्ली इकाई की ओर से आयोजित ‘भारत गौरव उत्सव-2026’ के अंतर्गत संघ शताब्दी पुस्तक शृंखला के कार्यक्रम में तीन सत्रों में अलग-अलग पुस्तकों का विमोचन किया गया।

तीन सत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम में चार पुस्तकों का विमोचन किया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने परिचर्चा की। कार्यक्रम में प्रसिद्ध नृत्यांगना शुभदा वराडकर एवं उनके सहयोगियों ने ‘केशव कल्प’ की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका वी. शांता कुमारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ हुआ। इसके बाद चाणक्य वार्ता के संपादक डॉ. अमित जैन ने स्वागत भाषण दिया और मंचासीन अतिथियों का सम्मान किया। इस अवसर पर मृत्युंजय कुमार झा की पुस्तक ‘स्वतंत्रता संग्राम और डॉ. हेडगेवार’ तथा डॉ. अमित जैन की पुस्तक ‘बहुआयामी संघ’ का विमोचन किया गया। विभिन्न समुदायों से आए लोगों ने शांता कुमारी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के विशेष अतिथि संत ईश्वर फाउंडेशन के अध्यक्ष कपिल खन्ना ने कहा कि संघ के सौ वर्षों का इतिहास केवल समय की यात्रा नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और बलिदान की गौरवगाथा है। आज आवश्यकता है कि व्यक्ति और समाज अपने अस्तित्व से आगे बढ़कर राष्ट्र के अस्तित्व के लिए कार्य करें। भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने नारी को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एसके आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और आर्य समाज की विचारधारा में समानता है। दोनों ही संगठन राष्ट्र एवं समाज निर्माण के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संघ ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित पीढ़ी तैयार की है।

महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी ने राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका शांता कुमारी को त्याग, तपस्या और सेवा की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि संघ व्यक्ति निर्माण का कार्य करता है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसी भावना को आत्मसात कर ले तो समाज का निर्माण स्वतः हो जाएगा। उन्होंने महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में परिवार और सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा।

मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि किसी प्रकाशन संस्थान का दस वर्षों तक निरंतर सक्रिय रहना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना समाज को संगठित करने और राष्ट्र निर्माण की भावना से हुई थी। सौ वर्षों की यात्रा में संघ ने राष्ट्र सेवा के साथ समाज को संस्कार और संस्कृति देने का कार्य किया है। आज बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है। महिलाओं को घर की चारदीवारी से आगे बढ़कर नेतृत्व की भूमिका निभानी चाहिए तथा संघ के पंच परिवर्तन को जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका वी. शांता कुमारी ने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने चाणक्य नीति से प्रेरणा लेते हुए स्वयंसेवकों को कठिन परिस्थितियों में भी अपने उद्देश्य से विचलित न होने का संदेश दिया था। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी शक्ति और सामर्थ्य को पहचानें तथा परिवार एवं समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डॉ. अमित जैन द्वारा लिखित पुस्तक ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ : शताब्दी यात्रा’ (कॉफी टेबल बुक) का विमोचन किया गया। इस अवसर पर विशेष अतिथि हरियाणा सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एवं मुख्य सूचना आयुक्त डॉ. टीवीएसएन प्रसाद तथा पंजाब सरकार के पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव के. शिवा प्रसाद ने अपने विचार व्यक्त किए।

तीसरे सत्र का शुभारंभ प्रसिद्ध नृत्यांगना शुभदा वराडकर एवं उनके सहयोगियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘केशव कल्प’ से हुआ। इसके बाद महेंद्र विक्रम सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘शुभांक संघ काव्यांजलि’ का विमोचन किया गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0