अमेजन के मंच से भारत का ई-कॉमर्स निर्यात 2,700 करोड़ अमेरिकी डॉलर पहुंचा

25 Nov 2026 15:32:53
अमेजन के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमेजन के ‘अमेजन ग्लोबल सेलिंग’ कार्यक्रम के तहत भारत से कुल निर्यात 2,700 करोड़ डॉलर (27 अरब) अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया है।

ई-कॉमर्स कंपनी ने बुधवार को अपने 'अमेजन ग्लोबल सेलिंग' प्रोग्राम के माध्यम से भारत से कुल 27 अरब डॉलर का निर्यात किये जाने की जानकारी दी है। अमेजन ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म पर निर्यातकों की संख्या एक साल में 20 फीसदी बढ़कर 2.4 लाख हो गई है। कंपनी ने कहा कि वर्ष 2015 में शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत भारत में बने एक अरब से अधिक उत्पाद अमेजन के वैश्विक बाजारों के ग्राहकों को बेचे जा चुके हैं।

अमेजन के अनुसार इस कार्यक्रम के तहत 36 हजार से भी अधिक निर्यातकों के साथ नई दिल्ली राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सूची में पहले स्थान पर है। इसके बाद राजस्थान (32,500 से अधिक), उत्तर प्रदेश (29,000 से अधिक), गुजरात (28,000 से अधिक) और महाराष्ट्र (23,500 से अधिक) का स्थान है।

कंपनी ने कहा कि छोटे शहरों में तमिलनाडु के इरोड के निर्यातकों ने जनवरी 2025 से 2026 की तीसरी तिमाही तक 12.15 करोड़ यूएस डॉलर से अधिक की बिक्री की। कंपनी ने बयान में कहा कि यह उपलब्धि 2030 तक भारत से कुल आठ लाख करोड़ डॉलर का ई-कॉमर्स निर्यात संभव बनाने के उसके लक्ष्य की दिशा में प्रगति को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0