भारत-जापान हॉकी मुकाबला नारी शक्ति को रहा समर्पित, हॉकी के रंग–नारी शक्ति के संग थीम पर सजा स्टेडियम

25 Nov 2026 23:39:53
भारत-जापान हॉकी मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का तिरंगा लहराकर स्वागत करते हुए मंत्री सारंग


- भोपाल से देशभर में पहुंचा नारी सशक्तिकरण और सम्मान का संदेश

भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रही एशियन वूमेंस हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी-2026 के अंतर्गत बुधवार शाम को भारत और जापान के बीच खेले गए मुकाबले को प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग की पहल पर ‘नारी शक्ति विशेष दिवस’ के रूप में समर्पित किया गया। ‘हॉकी के रंग–नारी शक्ति के संग’ की थीम पर आयोजित इस विशेष आयोजन के माध्यम से खेल के मैदान से नारी सशक्तिकरण, सम्मान, स्वावलंबन और समान अवसरों का संदेश दिया गया।

खेल मंत्री सारंग की पहल पर भारत-जापान मुकाबले के दौरान स्टेडियम का एक विशेष दर्शक स्टैंड प्रदेश की नारी शक्ति को समर्पित किया गया। इसमें प्रदेशभर की समाज-सेविकाओं, महिला खिलाड़ियों, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली बहन-बेटियों को आमंत्रित किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देना और उन्हें खेल सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश भी नारी सशक्तिकरण की दिशा में विभिन्न पहल कर रहा है। एशियन वूमेंस हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन को नारी शक्ति के सम्मान से जोड़ना इसी व्यापक सोच का हिस्सा है।

मैदान में बेटियां-स्टेडियम में नारी शक्ति

हॉकी के रंग, नारी शक्ति के संग थीम स्टेडियम में रखी गई। इसके अंतर्गत महिला खिलाड़ियों और आमंत्रित अतिथियों का पुष्पवर्षा एवं पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। समाज-सेविकाओं और उभरती महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। साथ ही मेरा सपना, मेरा गोल गतिविधि के माध्यम से महिलाओं एवं छात्राओं को अपने सपनों और जीवन के लक्ष्यों को साझा करने का अवसर दिया गया।

भोपाल से देशभर में पहुंचा नारी शक्ति के सम्मान का संदेश

खेल मंत्री सारंग की इस पहल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता को महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सहभागिता के व्यापक अभियान से जोड़ा गया। भारत और जापान के बीच मुकाबले के दौरान स्टेडियम में उपस्थित नारी शक्ति की सहभागिता ने आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया। भोपाल से देशभर में यह संदेश प्रसारित हुआ कि बेटियों को अवसर, प्रोत्साहन और सम्मान देकर ही सशक्त एवं समावेशी समाज का निर्माण किया जा सकता है।

बेटियों को प्रोत्साहित करने सामूहिक शपथ

बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेंगे, उन्हें समान अवसर एवं सहयोग प्रदान करेंगे तथा उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में सहभागी बनने की सामूहिक शपथ ली गयी। इसके माध्यम से बालिकाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को मंच देने और खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।

सनातन दर्शन का मुख्य आधार है नारी शक्ति

मंत्री सारंग ने कहा कि भारतीय सनातन दर्शन में नारी शक्ति को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। ज्ञान की प्राप्ति के लिए माँ सरस्वती, शक्ति और सामर्थ्य के लिए माँ दुर्गा एवं माँ काली तथा समृद्धि के लिए माँ लक्ष्मी की आराधना की जाती है। हमारी संस्कृति में माँ, बहन, बेटी और बहू के रूप में नारी का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। नारी का सम्मान, उसकी सुरक्षा, स्वावलंबन और सहभागिता ही एक सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से बेटियों को आत्मविश्वास, नेतृत्व और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश की प्रत्येक बेटी को अपनी पसंद के खेल में आगे बढ़ने के लिए उचित मंच और प्रोत्साहन मिले।

खेल, प्रकृति और परंपरा को जोड़ने की पहल

मंत्री सारंग की पहल पर आयोजन को केवल हॉकी मुकाबले तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के भाव के अनुरूप प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए ‘खेल वाटिका’ की अवधारणा को शामिल किया गया। वहीं, पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से ‘खेल गांव’ की स्थापना की पहल को भी विशेष महत्व दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0