एमओएसपीआई-डीएससीआई ने विश्वसनीय डेटा साझाकरण के लिए किया समझौता

25 Nov 2026 19:19:53
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय और डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के बीच समझौते की जारी तस्वीर


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) और डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) ने आधिकारिक सांख्यिकी के लिए सुरक्षित और विश्वसनीय डेटा साझाकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

यह समझौता नई दिल्ली में हुआ है। इस समझौते का उद्देश्य देश की राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणाली को मजबूत करना और आंकड़ों की गोपनीयता को बनाये रखते हुए उनके जिम्मेदार इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। इस समझौते के तहत डेटा की गुणवत्ता को बनाए रखने, व्यक्तिगत निजता की सुरक्षा करने और सांख्यिकीय गोपनीयता को सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस सहयोग के तहत पहले कदम के रूप में सांख्यिकी मंत्रालय और डीएससीआई मिलकर विश्वसनीय डेटा प्रवाह और डेटा प्रबंधन पर एक नीतिगत दस्तावेज तैयार करेंगे।

इस अवसर पर सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव डॉ. सौरभ गर्ग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक गोडसे और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की स्थापना नैसकॉम ने की है। नैसकॉम डेटा संरक्षण और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एक गैर-लाभकारी उद्योग संगठन और थिंक टैंक है। यह समझौता सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के संस्थानों के साथ सहयोग के जरिए राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणाली को मजबूत बनाने के मंत्रालय के प्रयासों का हिस्सा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0