'नई चेतना 5.0' का शुभारंभ, महिला हेल्पलाइन नंबर सेव करने का अभियान शुरू

25 Nov 2026 20:36:53
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार को नई दिल्ली में ‘नई चेतना : पहल बदलाव की’ अभियान के पांचवें संस्करण ‘नई चेतना 5.0’ का शुभारंभ किया


- 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक देशभर में चलेगा अभियान

नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार को नई दिल्ली में ‘नई चेतना : पहल बदलाव की’ अभियान के पांचवें संस्करण ‘नई चेतना 5.0’ का शुभारंभ किया। इसके साथ मंत्रालयों ने नंबर सेव किया अभियान की भी शुरुआत की जिसके तहत महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 को मोबाइल फोन में सुरक्षित रखने और दूसरों के साथ भी साझा करने के लिए जागरुक किया जाएगा।

लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह राष्ट्रीय अभियान 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चलाया जाएगा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण हिंसा मुक्त गांव बनाने के लिए हुआ चतुष्पक्षीय समझौता रहा। इस पर ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) ने हस्ताक्षर किए।

समझौते के तहत दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जेंडर रिसोर्स सेंटर को वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन-181, दिशा 2.0 और कानूनी सहायता सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इस व्यवस्था से हिंसा का सामना करने वाली महिलाओं को सुरक्षा, कानूनी मदद और पुनर्वास की सुविधाएं एक ही समन्वित व्यवस्था के तहत मिल सकेंगी। शुरुआत में इसे नौ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लागू किया जाएगा।

इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, सम्मान और गरिमा विकसित भारत के संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में लगभग 3.75 करोड़ लखपति दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करना भी जरूरी है। इसके लिए समाज की पुरानी सोच में बदलाव लाना होगा।

उन्होंने कहा कि चार संस्थाओं के बीच हुआ यह समझौता महिलाओं की सुरक्षा, न्याय, पुनर्वास और आजीविका को एक साथ जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने राज्यों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समुदायों से अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान को इससे जोड़ते हुए नशा मुक्त और हिंसा मुक्त गांव बनाने पर जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि ‘नई चेतना’ अभियान को हर घर तक पहुंचाने में सामुदायिक संस्थाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला सहायता सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 को अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित रखें और दूसरों के साथ भी साझा करें, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाओं को तत्काल सहायता मिल सके।

ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल ने बताया कि ‘नई चेतना’ अभियान अब जागरूकता कार्यक्रम से आगे बढ़कर देशव्यापी जन आंदोलन का रूप ले चुका है। अब तक इससे 5.3 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं और लगभग 7,000 जेंडर रिसोर्स सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार जागरूकता के साथ महिलाओं को प्रभावी सहायता, कानूनी मदद और समय पर न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक ने महिला हेल्पलाइन, कानूनी सेवाओं और सहायता केंद्रों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराना और उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई करना परिवार, समाज और संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है।

वहीं, न्याय विभाग के सचिव नीरज वर्मा ने कहा कि महिलाओं के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों की जानकारी ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचनी चाहिए। इसमें नालसा, टेली-लॉ, न्याय बंधु, पैरा लीगल वॉलंटियर्स और जेंडर रिसोर्स सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इनके माध्यम से महिलाओं को कानूनी जानकारी और मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

15 मंत्रालयों की संयुक्त पहल

कार्यक्रम में 15 मंत्रालयों और विभागों की संयुक्त एडवाइजरी भी जारी की गई। इसका उद्देश्य महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव और हिंसा को रोकने के साथ उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए समन्वित प्रयास करना है। इसमें ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, गृह, पंचायती राज, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, कृषि एवं किसान कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, युवा कार्यक्रम एवं खेल, एमएसएमई, सूचना एवं प्रसारण, न्याय, श्रम एवं रोजगार, राजस्व तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय शामिल हैं। इस अभियान के चार प्रमुख विषय हैं- महिलाओं की पहचान और सम्मान, संपत्ति में अधिकार, आवागमन की स्वतंत्रता तथा घर के कामकाज और देखभाल की जिम्मेदारियों में समान भागीदारी। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक संस्थाओं के माध्यम से गांवों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, बैठकें, नुक्कड़ नाटक और पुरुषों व युवाओं के साथ संवाद आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में ‘नई चेतना 4.0’ की मूल्यांकन रिपोर्ट और अभियान का गीत भी जारी किया गया। जेंडर चैंपियंस और वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। आयोजन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशनों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0