मदुरै कार्तिगई दीपम विवाद में भाजपा और हिंदू संगठनों के 300 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर

25 Nov 2026 11:19:53
तिरुपरनकुंद्रम में विरोध प्रदर्शन के लिए 300 से ज़्यादा हिंदू कार्यकर्ता गिरफ्तार


चेन्नई (तमिलनाडु), 25 नवंबर (हि.स.)। मदुरै तिरुपरंकुंद्रम कार्तिगई दीपम विवाद में हिंद ू संगठन अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं। पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग करते हुए प्रदर्शन करने वाले भाजपा और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मदुरै पुलिस ने मामला दर्ज किया है। तिरुपरंकुंद्रम में तमिलनाडु सरकार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल 300 से अधिक हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद आज सुबह रिहा कर दिया।

कुल 300 से अधिक लोगों के खिलाफ छह धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बिना अनुमति एकत्र होने, सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने, विवादास्पद बयान देने और सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों का पालन करने से रोकने के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, तिरुपरंकुंद्रम कार्तिगई दीपम विवाद के संबंध में हिंदू कार्यकर्ता एक बार फिर उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं। कोर्ट के आदेश का उल्लंघन किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने दोबारा याचिका दायर करने की तैयारी की है।

उच्चतम न्यायालय ने पवित्र माने जाने वाले पत्थर के स्तंभ पर ही कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया था। हिंदू कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विजय के नेतृत्व वाली सरकार ने पत्थर के स्तंभ के बजाय उसी पहाड़ी पर स्थित गैर-पारंपरिक उचिपिल्लयार मंडप में कार्तिगई दीपम जलाया ।

पहाड़ी की चोटी पर स्थित विवादित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाए जाने का इंतजार कर रहे हिंदू संगठनों के नेता और उनके स्वयंसेवक इस बात से नाराज हैं कि दीप केवल पारंपरिक दीप मंडप में ही जलाया गया। इस पर तमिलनाडु सरकार की कार्रवाई की निंदा करते हुए हिंदू संगठनों ने तिरुपरंकुंद्रम के विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और तमिलनाडु सरकार तथा पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।

इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने छह धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। बाद में उन सभी को आज सुबह रिहा कर दिया गया। भाजपा सदस्य पोन्. राधाकृष्णन, एस.जी. सूर्या और अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0