यूक्रेन का रूस के प्रमुख सैन्य एयरबेस पर हमले का दावा, पांच विमान क्षतिग्रस्त

युगवार्ता    25-Nov-2026
Total Views |

कीव, 25 नवंबर (हि.स.)। यूक्रेन ने बुधवार को रूस के एक प्रमुख सैन्य हवाई अड्डे पर लंबी दूरी तक मार करने वाले हमले का दावा किया है। इस हवाई हमले में पांच विमान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

यूक्रेन के जनरल स्टाफ के मुताबिक निजनी नोवगोरोद क्षेत्र स्थित सवास्लेयका एयरबेस को निशाना बनाया गया, जिसमें तीन मिग-31 लड़ाकू विमान और दो एसयू-34 लड़ाकू-बमवर्षक विमान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इन विमानों को कुछ समय के लिए परिचालन से बाहर करना पड़ा है। रूस की ओर से इस दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

यूक्रेनी जनरल स्टाफ ने बताया कि हमले का उद्देश्य रूस की सैन्य क्षमता को कमजोर करना था। मिग-31 विमानों का इस्तेमाल हाइपरसोनिक मिसाइल दागने के लिए किया जाता है, जबकि एसयू-34 विमान लड़ाकू और बमबारी अभियानों में इस्तेमाल होते हैं।

यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब यूक्रेनी सेना ने हाल के दिनों में रूस से जुड़े कई ठिकानों और जहाजों को निशाना बनाने का दावा किया है। यूक्रेन के अनुसार, लीबिया के समुद्री क्षेत्र में दो रूसी जहाजों और फिनलैंड की खाड़ी में एक अन्य रूसी पोत पर भी हमले किए गए। पिछले सप्ताह क्रीमिया प्रायद्वीप को रूस से जोड़ने वाले प्रमुख पुल के सड़क हिस्से को भी लगातार हमलों के बाद नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया था।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags