कोलकाता, 26 नवंबर (हि.स.)। टाटा स्टील चेस इंडिया का आठवां संस्करण सात से 10 जनवरी, 2027 तक कोलकाता के धनो धान्यो ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में दुनिया के शीर्ष शतरंज खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। आयोजन के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतिस्पर्धा को भारतीय दर्शकों के करीब लाने और देश में इस खेल को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
कोलकाता में शतरंज की समृद्ध परंपरा और इस खेल के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए प्रतियोगिता को भारतीय शतरंज कैलेंडर का महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। इसमें दिग्गज अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, शतरंज प्रेमियों को विश्वस्तरीय मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
टाटा स्टील चेस इंडिया ने पिछले संस्करणों के जरिए देश में शतरंज को प्रोत्साहित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में पहचान बनाई है। प्रतियोगिता का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा को भारतीय खिलाड़ियों और दर्शकों तक पहुंचाने के साथ नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को प्रेरित करना भी है।
टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डीबी सुंदर रमन ने कहा कि कंपनी हमेशा ऐसे मंच तैयार करने में विश्वास रखती है, जो उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने और युवा प्रतिभाओं को निखारने में मदद करें। टाटा स्टील चेस इंडिया इसी सोच का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आठवें संस्करण के साथ कंपनी को भारत के भावी चैंपियनों को प्रेरित करने और देश को वैश्विक शतरंज के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में योगदान जारी रखने पर गर्व है।
आयोजक संस्था गेमप्लान के निदेशक जीत बनर्जी ने कहा कि टाटा स्टील चेस इंडिया अब विश्वस्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के रूप में पहचान बना चुका है। उन्होंने आयोजन को लगातार समर्थन देने के लिए टाटा स्टील का आभार जताया। बनर्जी के अनुसार, कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपने सालाना प्रतियोगिता कार्यक्रम में टाटा स्टील चेस इंडिया को जगह देते हैं।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय