मुख्यमंत्री डॉ. यादव बोले: मप्र के प्रतिनिधियों की पहल से 'इंडिया' बना 'भारत'

युगवार्ता    26-Nov-2026
Total Views |
मध्य प्रदेश विधानसभा में संविधान के मुख्य पृष्ठ का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह एवं अन्य


मप्र विधानसभा में 'संविधान गैलरी' स्थापित


मप्र विधानसभा में 'संविधान गैलरी' स्थापित


मप्र विधानसभा में 'संविधान गैलरी' स्थापित


- संविधान से मिली कर्तव्यपालन की प्रेरणा: विस अध्यक्ष तोमर

- सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जवाबदारी तय: विजयवर्गीय

भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। 77वें 'संविधान दिवस' पर मध्यप्रदेश विधानसभा देश की ऐसी विशिष्ट विधानसभा बन गई, जिसने संविधान सभा में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले मनीषियों को याद करते हुए अपने परिसर में 'संविधान गैलरी' स्थापित की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह ने गैलरी का शुभारंभ किया। गैलरी में संविधान सभा के समूह चित्र के साथ संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान को दर्शाते चित्र प्रदर्शित हैं।

'विधायिनी' के विशेष अंक का विमोचन

कार्यक्रम की शुरुआत विधानसभा परिसर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। अतिथियों के साथ विभिन्न आयोगों के अध्यक्षों, सदस्यों और विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं ने विधानसभा की पत्रिका 'विधायिनी' के विशेष अंक का विमोचन किया। अंक में संविधान पर विविध आलेख और संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान से जुड़ी सामग्री है।

मुख्यमंत्री: 'इंडिया' की जगह 'भारत' की पैरवी मप्र के सदस्यों ने की

मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संविधान सभा में 'इंडिया' के स्थान पर 'भारत' नाम की पैरवी मध्यप्रदेश के सदस्यों सेठ गोविंद दास और हरि विष्णु कामथ आदि ने की। उन्होंने बताया कि कामथ ने मौलिक अधिकारों के निलंबन के विरुद्ध लड़ाई लड़ी। डॉ. हरिसिंह गौर की पहल के बाद देश में सर्वोच्च न्यायालय बना। पंडित रविशंकर शुक्ल ने राज्य और केंद्र के अंशदान के बंटवारे का विचार रखा था, जिसके आधार पर आज जीएसटी की व्यवस्था है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राजकुमारी अमृत कौर ने, जो मध्यप्रदेश की प्रतिनिधि थीं, समान नागरिक संहिता का विषय संविधान सभा में उठाया था और आज प्रदेश ने इसे लागू किया है। उन्होंने बताया कि इंदौर के स्व. दीनानाथ भार्गव ने चार शेरों वाला अशोक चिह्न बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की उद्देशिका में तिथि के साथ 'विक्रमी' का उल्लेख है। उनके अनुसार संविधान सभा ने विक्रम संवत स्वीकार किया था, लेकिन 1955 में बाहर से समिति बनाकर शक संवत अपनाने का निर्णय कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस पर सोचना चाहिए कि 26 नवंबर को अंगीकार किए गए संविधान में विक्रम संवत को क्यों छोड़ा गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि 1954 में संविधान की प्रक्रिया पूरी किए बिना अनुच्छेद 35ए लागू किया गया, जो उस दौर के लोगों की संविधान के प्रति आस्था को दर्शाता है। आपातकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय संविधान की व्यवस्था को छिन्न-भिन्न किया गया और संशोधन के जरिए न्यायपालिका की ताकत सीमित की गई।

विकसित भारत का स्वप्न 2047 तक पूरा होगा: नरेंद्र सिंह तोमर

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि पूर्वजों के अथक संघर्ष और बलिदान से मिली आजादी के परिणामस्वरूप ही देश को संविधान मिला। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने अपेक्षा की थी कि हर व्यक्ति समानता, समता और ममता से जुड़े, सबको बराबरी का हक मिले और पात्र व्यक्ति तक उसका अधिकार पहुंचे। उन्होंने कहा, हमें कर्तव्यपालन की प्रेरणा भी संविधान से मिली।

तोमर ने कहा कि आजादी की 75 वर्ष की यात्रा पूरी हो चुकी है और प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के अनुरूप केंद्र सरकार, सभी संस्थाएं और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार 2047 तक विकसित भारत के लिए कार्य कर रही हैं।

असहमति सड़क पर अराजकता के रूप में स्वीकार्य नहीं: विजयवर्गीय

संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि संविधान में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जवाबदारी तय की गई है। उन्होंने कहा, असहमति सड़क पर अराजकता के रूप में स्वीकार्य नहीं है। उनके अनुसार कुछ देशों में ऐसे आंदोलनों से सरकारें बदली हैं, पर भारत में यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभा संवाद के माध्यम हैं और संवाद समाप्त नहीं होना चाहिए। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग चौराहे पर संवाद की चुनौती देते हैं, पर लोकसभा से भागते हैं।

विजयवर्गीय ने गरीब कल्याण, घर-घर शौचालय, जनधन खाते, नारी वंदन बिल और शिक्षा के अधिकार का उल्लेख करते हुए इन्हें संविधान की मंशा पूरी करने वाले कदम बताया। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान मजबूत है, फिर भी जो कमियां हैं, उन पर चिंतन होना चाहिए।

लोकायुक्त: शक्तियों का स्पष्ट विभाजन संविधान की खासियत

इस अवसर पर लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि संविधान के मूल में भारत के लोग हैं। संस्थाएं अपनी शक्ति संविधान से ही पाती हैं और उसी के अनुसार कर्तव्य निभाती हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की महत्वपूर्ण विशेषता संस्थाओं की शक्तियों का स्पष्ट विभाजन है और एक संस्था द्वारा दूसरी के क्षेत्राधिकार में अतिक्रमण रोकने की स्पष्ट प्रक्रिया भी इसमें दी गई है।

प्रदर्शनी और गैलरी की सराहना

अतिथियों ने विधानसभा के सेंट्रल हॉल में संस्कृति विभाग की ओर से लगाई गई संविधान प्रदर्शनी का भी उद्घाटन और अवलोकन किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ संविधान गैलरी का उद्घाटन हुआ। अतिथियों ने दोनों प्रदर्शनियों के महत्व को रेखांकित करते हुए उनकी सराहना की।

दीनानाथ भार्गव के पुत्र सौमित्र का सम्मान

कार्यक्रम में संविधान के प्रथम पृष्ठ पर अंकित 'अशोक स्तंभ' का चित्रांकन करने वाले चित्रकार स्व. दीनानाथ भार्गव के पुत्र श्री सौमित्र भार्गव का अभिनंदन किया गया। बैतूल में जन्मे और इंदौर में रहने वाले भार्गव उस दल का हिस्सा थे, जिसे प्रसिद्ध चित्रकार नंदलाल बोस ने संविधान की मूल पांडुलिपि के पन्ने सजाने के लिए चुना था। सिंहों के भावों को जीवंत रूप देने के लिए वे कोलकाता चिड़ियाघर जाकर शेरों का अध्ययन करते थे।

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के सभी आयोगों के अध्यक्ष, सूचना आयुक्तों, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं एवं अन्य विभागों के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने स्वागत किया, सलाहकार पंकज शुक्ला ने पत्रिका की कल्पना और सामग्री पर प्रकाश डाला और प्रतिवेदक पूजा उदासी ने संचालन किया।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 2015 में डॉ. अम्बेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में हर साल 26 नवंबर को 'संविधान दिवस' मनाने की परंपरा शुरू की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Tags