राष्ट्रपति व अन्य ने मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर शहीदों को किया नमन

26 Nov 2026 11:26:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने गुरुवार को 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों तथा शहीदों को नमन किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, हमारे बहादुर सैनिकों, पुलिसकर्मियों तथा उन सभी लोगों के साहस को सलाम है, जो आतंकवाद के खिलाफ निडर होकर खड़े हुए। उनका बलिदान और निस्वार्थ सेवा हमारे देश की आत्मा में हमेशा के लिए अंकित रहेगी। आतंकवाद भले ही जिंदगियों को तबाह कर दे लेकिन यह साहस, करुणा और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र के हौसले को कभी नहीं तोड़ सकता। आज, हम पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं, और आतंकवाद को हर रूप में खत्म करने तथा एक अधिक शांतिपूर्ण और मानवीय दुनिया की दिशा में काम करने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराते हैं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत आतंकवाद के सभी रूपों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' (शून्य सहनशीलता) की नीति पर अडिग है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। आतंकवाद को हराने और शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के संकल्प के साथ पूरा देश एकजुट है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि बहादुर सुरक्षाकर्मियों का अदम्य साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और मातृभूमि के लिए अटूट निष्ठा हमेशा देश की यादों में अंकित रहेगी। यह दिन आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहने, राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा शांति एवं मानवीय मूल्यों की रक्षा करने के अपने संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। देश उन सभी बहादुर नायकों और निर्दोष नागरिकों के बलिदान को हमेशा कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों के साहस, वीरता और अटूट समर्पण को नमन है, जो आतंकवाद के सामने डटकर खड़े रहे। उनका साहस कर्तव्य, बलिदान और राष्ट्र सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है। उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। भारत आतंकवाद को उसके सभी रूपों में खत्म करने के अपने संकल्प पर दृढ़ है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि आतंकवाद मानवता के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध है। आतंकवाद के प्रति मोदी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति की पूरी दुनिया में सराहना हो रही है। आज, भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और आतंकवाद के हर रूप तथा हर साजिश के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रहा है।

विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने कहा कि केन्द्र सरकार आतंकवाद के हर रूप से लड़ने और इसमें शामिल लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आतंकवाद के प्रति मोदी सरकार की नीति 'जीरो टॉलरेंस' (सहन न करने) की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0