एनएलएमसी ने बीएसएनएल और एमटीएनएल की 1300 करोड़ की संपत्ति को भुनाने का बनाया नया प्लान

युगवार्ता    26-Nov-2026
Total Views |
वित्त मंत्रालय के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने सरकारी कंपनियों की अतिरिक्त संपत्तियों को भुनाकर राजस्व जुटाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। इसी के तहत राष्ट्रीय भूमि मुद्रीकरण निगम (एनएलएमसी) ने अपनी 22वीं बोर्ड की बैठक में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) से जुड़े लगभग 1,300 करोड़ रुपये के नए परिसंपत्ति मुद्रीकरण और मूल्यांकन प्रस्तावों पर विचार किया है।

वित्त मंत्रालय ने गुरुवार एक बयान में कहा कि एनएलएमसी ने केंद्रीय वित्त मंत्रालय के लोक उद्यम विभाग (डीपीई) के तहत बुधवार को नई दिल्ली में निदेशक मंडल की 22वीं बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में परिसंपत्ति मुद्रीकरण से संबंधित प्रमुख प्रस्तावों, स्वतंत्र मूल्यांकन रिपोर्टों, सरकार-से-सरकार (जी2जी) लेन-देन, एनएलएमसी के स्वामित्व वाली संपत्तियों के मुद्रीकरण, हाल ही में आयोजित ई-नीलामी के परिणामों तथा निगम को संस्थागत रूप से और सुदृढ़ बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

मंत्रालय ने कहा कि बोर्ड ने बीएसएनएल और एमटीएनएल से संबंधित लगभग 1,300 करोड़ रुपये के संयुक्त आकलित मूल्य वाले नए परिसंपत्ति मुद्रीकरण और मूल्यांकन प्रस्तावों पर विचार किया। इन प्रस्तावों को निर्धारित सरकारी प्रक्रियाओं के अनुसार आगे की कार्रवाई के लिए विचारार्थ लिया गया। ये प्रस्ताव चालू वित्त वर्ष के दौरान एनएलएमसी द्वारा 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों के सफल मुद्रीकरण के अतिरिक्त हैं।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और सरकारी संगठनों की परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण में सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ, एनएलएमसी अपनी स्वयं की परिसंपत्तियों को भी बाजार में उतार रही है। बोर्ड ने नई दिल्ली और मुंबई स्थित एनएलएमसी के स्वामित्व वाली 17 आवासीय संपत्तियों की मूल्यांकन रिपोर्टों पर विचार किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags