बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिला गोपालगंज में ट्रेनों के बाद मोबाइल बैंक सेवा रोकी गई

युगवार्ता    27-Nov-2026
Total Views |
आग की लपटों से घिरा बीजीबी का वाहन। फाइल फोटो -  ढाका ट्रिब्यून


- तुंगीपाड़ा में बीजीबी पर हमले में 5008 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी, छात्र लीग जिला अध्यक्ष न्यूटन मोल्ला मुख्य आरोपित

ढाका (बांग्लादेश), 27 नवंबर (हि.स.)। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिला गोपालगंज में मोबाइल बैंकिंग सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इस बीच बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने गोपालगंज के तुंगीपाड़ा में अपनी पेट्रोलिंग टीम पर हुए हमले को लेकर एक मामला दर्ज कराया है। इस हमले में सरकारी वाहनों को आग लगा दी गई थी। हमलावरों ने गोला-बारूद नष्ट करने के साथ उपकरणों को लूट लिया था। प्राथमिकी में 5008 लोगों को आरोपित बनाया गया है। इनमें सात नामजद हैं। केस में हसीना की पार्टी अवामी लीग से संबद्ध संगठन छात्र लीग के जिला अध्यक्ष न्यूटन मोल्ला को मुख्य आरोपित बनाया गया है।

प्रोथोम अलो, ढाका ट्रिब्यून और द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने आज सुबह यह जानकारी दी कि गोपालगंज में नौ दिन से ट्रेन सेवाएं बंद हैं। अब जिले में बुधवार रात से मोबाइल बैंकिंग सेवा भी बंद कर दी गई है। बांग्लादेश बैंक ने बताया है कि गोपालगंज में संदिग्ध लेन-देन होने के कारण ये सेवाएं बंद की गई हैं। दो मोबाइल सेवा प्रदाताओं के अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सरकार से निर्देश मिलने के बाद ही ये सेवाएं बंद की गईं।

गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि पुलिस जांच में पता चला है कि हाल ही में ढाका और कई अन्य जिलों से गोपालगंज में बड़ी रकम भेजी गई है। इसी वजह से सिर्फ इस जिले में मोबाइल बैंकिंग सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने खुफिया एजेंसियों का हवाला देते हुए बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग जिलों के लोग गोपालगंज में आकर छिप गए हैं। ऐसी जानकारी मिली थी कि उनके मोबाइल खातों में पैसे भेजे गए हैं।

रेल मंत्रालय और गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि सरकार फिलहाल ट्रेन सेवा फिर से शुरू करने पर विचार नहीं कर रही है। सूत्रों ने कहा कि स्थिति सामान्य होने पर ही इस बारे में कोई कदम उठाया जाएगा। इसके अलावा जिला परिषदों, उपजिला परिषदों, नगर पालिकाओं और यूनियन परिषदों को देशभर में दी जाने वाली धनराशि की तीसरी किश्त गोपालगंज के लिए अभी जारी नहीं की जाएगी। इन संस्थाओं को आमतौर पर चार किश्तों में वित्तीय सहायता मिलती है। गोपालगंज के लिए जनवरी से मार्च तक की किश्त जारी करने पर रोक रहेगी।

पुलिस ने बताया कि बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की प्राथमिकी में नामजद आरोपितों में गोपालगंज जिला छात्र लीग के महासचिव अताउर रहमान पियाल, तुंगीपाड़ा उपजिला छात्र लीग के पूर्व महासचिव बाबुल हुसैन खोकोन, वर्तमान उपजिला छात्र लीग अध्यक्ष शमशुल हक, उपाध्यक्ष रिपन शेख और संयुक्त महासचिव शाहीन बिस्वास उर्फ कालू भी हैं। यह मामला 23 नवंबर को तुंगीपाड़ा था में दर्ज किया गया। यह शिकायत बीजीबी के खुलना सेक्टर मुख्यालय के नायब सूबेदार मो. शौकत अली ने दर्ज कराई ।

प्राथमिकी के अनुसार, 17 नवंबर को बीजीबी की एक टीम पुलिस, अंसार कर्मियों और कार्यकारी मजिस्ट्रेट मो. रिहाब इमाम के साथ मिलकर गोपालगंज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिक प्रशासन की मदद कर रही थी। तुंगीपाड़ा में तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना मिलने के बाद टीम उस इलाके की ओर बढ़ी। तभी रास्ते में निलफा बाजार के पास एक समूह ने पेड़ काटकर रास्ता रोक दिया। देसी हथियारों से हमला कर दिया और क्रूड बम फोड़े। हमले के दौरान बीजीबी के एक आर्मर्ड पर्सनल कैरियर और एक जीप में आग लगा दी गई। हमले में नायक मो. मुनीर हुसैन, असदुज्जमां, फारूक हुसैन और असिस्टेंट डायरेक्टर मो. सैफियार रहमान गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहनों में आग लगा देने से तीन सबमशीन गन मैगजीन जल गईं। वाहनों में रखे सरकारी लैपटॉप, वॉकी-टॉकी सेट, बैटरी और चार्जर भी लूट लिए गए। कुल नुकसान का अनुमान 6.51 करोड़ टका लगाया गया है। पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इस बीच ढाका की एक अदालत ने हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी केएम सखावत मून और दो अन्य लोगों को आतंकवाद-रोधी मामले में आज जेल भेज दिया। अतिरिक्त लोक अभियोजक मेहम्मद शम्सुद दोहा सुमन ने बताया कि तीनों को कल गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों में मदारिपुर के पूर्व डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास हुसैन और टैक्स वकील सूफी मो. अल मामून शामिल हैं। इन पर सरकार के खिलाफ भड़काऊ नारे लगाने का आरोप है।

बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश मुख्यालय की आज जारी विज्ञप्ति के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छह जिलों में 113 प्लाटून तैनात की गई है। ढाका जिले के सावर, आशुलिया में (18 प्लाटून), नारायणगंज में सात, गाजीपुर में 18, गोपालगंज में 56, चट्टोग्राम तीन और कॉक्स बाजार सात प्लाटून तैनात की गई हैं। जरूरत पड़ने पर चार और प्लाटून को स्टैंडबाय पर रखा गया है। बीजीबी जवान गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत और संबंधित जिला प्रशासन और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।

बांग्लादेश छात्र लीग (छात्र लीग) बांग्लादेश की राजनीतिक पार्टी अवामी लीग का छात्र संगठन है। इसकी स्थापना शेख मुजीबुर रहमान ने 4 जनवरी, 1948 को ढाका विश्वविद्यालय में की थी। शुरुआत में इसे पूर्वी पाकिस्तान मुस्लिम छात्र लीग और बाद में पूर्वी पाकिस्तान छात्र लीग कहा जाता था। यह संगठन 1952 के भाषा आंदोलन, 1971 के मुक्ति संग्राम और 1990 के जन आंदोलन से जुड़ा रहा है। 23 अक्टूबर, 2024 को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत छात्र लीग पर प्रतिबंध लगा दिया और इसे आतंकवादी संगठन घोषित किया। बाद में अवामी लीग की गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया और उसका पंजीकरण निलंबित कर दिया गया। शेख हसीना अवामी लीग की अध्यक्ष हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags