
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शुक्रवार को यहां भगवान राम पर लिखी पुस्तक के विमोचन समारोह में कहा कि मनुष्यता की अभिव्यक्ति करुणा से होती है और भगवान राम के चरित्र में इसका प्रगटीकरण है। करुणा सत्य को समझने की नीति है। सत्य यह है कि हम सब एक ही की अभिव्यक्ति हैं। इस सत्य को समझना और उसकी अभिव्यक्ति में लाना ही करुणा है।
संघ प्रमुख भागवत ने अंबेडकर भवन में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी की पुस्तक ‘करुणानायक’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उनके साथ भूटान की राजकुमारी देचन वांगचुक, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संस्कृति मंत्रालय, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र और प्रभात प्रकाशन की ओर से आयोजित किया गया था। पुस्तक का प्रकाशन प्रभात प्रकाशन ने किया है।
सरसंघचालक ने संघ के स्वयंसेवकों का उदाहरण दिया और कहा कि स्वयंसेवक समाज के दुख को दूर करने की प्रेरणा से कार्यकर्ता है। दुनिया में भय, स्वार्थ और अहंकार से प्रेरित होकर भी सेवा कार्य किए जाते हैं लेकिन अपनेपन की अनुभूति ही वह प्रेरणा है जिससे सेवाकार्य निरंतर जारी रहता है और इसी का नाम करुणा है। संघ का स्वयंसेवक भी इसी प्रेरणा से कार्य कर रहा है।
लेखन कार्य की प्रशंसा करते हुए डॉ. भागवत ने कहा कि वैश्विक संघर्षों के बीच इस पुस्तक का आना नियति का ही कोई रूप है। दुनिया असल में मैं और मेरा के लिए लड़ रही है। करुणा में इसका अभाव होता और संघर्ष नहीं होता। यही बात विश्व को भारत ने समझाने का प्रयास किया है। मनुष्यता की अभिव्यक्ति करुणा से होती है।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि राम को समझना भारत को समझने और भारत को समझना राम को समझने जैसा है। करुणा राम के गुणों में कौस्तुभ मणि के समान है। उन्होंने कहा कि कृतज्ञता भाव करुणा के बिना संभव नहीं है।
राजकुमारी वांगचुक ने कहा कि भूटान की संस्कृति में करुणा को बहुत महत्व दिया जाता है। इसी कारण से हमारे यहां मनुष्य की प्रगति को उसके बेहतर और खुशनुमा जीवन से आंका जाता है। उन्होंने कहा कि करुणा असल में हमारे चरित्र का साहस है। उन्होंने आशा व्यक्त की की यह पुस्तक युवाओं को प्रेरित करेगी।
कैलाश सत्यार्थी ने पुस्तक लिखने के अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने कहा कि राम और रावण का अंतर ही यही था कि राम करुणामय थे और रावण करुणा रहित था। उन्होंने कहा कि सब कुछ ईश्वर पर छोड़ देना ठीक नहीं है। अपने अंदर के ईश्वर की पहचान करना जरुरी है। हम सबके अंदर करुणा मौजूद है। करुणा जिससे समाधान, परिवर्तन, जिम्मेदारी, जवाबदेही की शक्ति पैदा होती है। विवेकपूर्ण ढंग से समाधान की शक्ति ही करुणा है। उन्होंने न केवल राम बल्कि शबरी और अहिल्या का उदाहरण देते हुए भी इससे स्पष्ट करने की कोशिश की। सच्चिदानंद जोशी ने कहा कि राम करुणा और संस्कृति के प्रतीक हैं। चरित्र और एकात्मता के साथ उन्हें समझा जा सकता है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा