
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय राष्ट्रीय रणनीतिक बैठक शुक्रवार से भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (पूसा परिसर) में शुरू हो रही है। 27 और 28 नवंबर को आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, राज्य प्रभारी और संगठन महामंत्री शामिल होंगे। बैठक में मुख्य रूप से वर्ष 2027 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस संगठनात्मक महामंथन में कुल पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे। पार्टी नेतृत्व आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों और चुनावी रणनीति की समीक्षा करेगा।
दोपहर दो बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में सभी 107 राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, राज्य प्रभारी और संगठन सचिव हिस्सा ले रहे हैं। सभी पदाधिकारी एक साथ बस से पूसा परिसर पहुंचेंगे, दोनों दिन वहीं रुकेंगे और उनके साथ किसी निजी सहायक को जाने की अनुमति नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी