रायपुर-खरोरा मार्ग पर हादसे में भाजपा सांसद लक्ष्मी वर्मा घायल, हाथ में फ्रैक्चर, रायपुर एम्स में भर्ती

युगवार्ता    27-Nov-2026
Total Views |
सांसद लक्ष्मी वर्मा


दुर्घटना ग्रस्त कार


रायपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ से भाजपा की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शुक्रवार शाम को रायपुर-खरोरा मार्ग पर एक सड़क हादसे में घायल हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के तुरंत बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। उनकी गाड़ी के ड्राइवर को भी सीने और हाथ में चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही खरोरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस रायपुर लौट रही थीं। इसी दौरान खरोरा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय वाहन में सांसद के अलावा उनका बेटा, गनमैन और चालक सहित कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में उनके ड्राइवर को सीने व हाथ में तथा गनमैन को भी चोटें आई हैं। अन्य घायलों को उपचार के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सांसद की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ ही देर पहले इसी मार्ग पर एक अन्य हादसा हुआ था। रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इसके कुछ समय बाद वहां से गुजर रही सांसद की कार भी हादसे का शिकार हो गई। हालांकि, पहले हुए कार-ट्रैक्टर हादसे और सांसद की गाड़ी की दुर्घटना के बीच सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। समाचार लिखे जाने तक खरोरा पुलिस या रायपुर एम्स प्रबंधन की ओर से सांसद की चोटों और स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान या मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। फिलहाल एम्स में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और अस्पताल की ओर से आधिकारिक अपडेट की प्रतीक्षा की जा रही है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Tags