
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वेलर्स लिमिटेड और एमराल्ड ज्वेल इंडस्ट्री इंडिया को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने मंजूरी दे दी है।
पूंजी बाजार नियामक से शुक्रवार को मिली जानकारी के मुताबिक सेबी ने मध्य प्रदेश स्थित कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वेलर्स लिमिटेड और कोयंबटूर स्थित एमराल्ड ज्वेल इंडस्ट्री इंडिया को शेयर बाजार में अपना आईपीओ लाने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी से (ऑब्जर्वेशन लेटर) मंजूरी मिल गई है।
कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वेलर्स लिमिटेड का आईपीओ
मध्य प्रदेश स्थित कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वेलर्स लिमिटेड को आईपीओ लोने के लिए सेबी से अंतिम मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने 26 अगस्त, 2026 को पूंजी बाजार नियामक सेबी के समक्ष अपने आईपीओ के दस्तावेज जमा किए थे।
मध्य प्रदेश स्थित कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वेलर्स लिमिटेड के 10 रुपये अंकित मूल्य (फेस वैल्यू) वाले इस आईपीओ में 1,60,00,000 (1.6 करोड़) तक नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी के मुताबिक स्मार्ट होराइजन कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड इस आईपीओ की 'बुक रनिंग लीड मैनेजर' है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड इसकी 'रजिस्ट्रार' है। इसके शेयर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध (लिस्ट) करने का प्रस्ताव है।
कंपनी नए शेयरों को जारी करने से मिलने वाली 154.9 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग दो नए स्टोर खोलने (एक राजस्थान के कोटा और दूसरा मध्य प्रदेश के उज्जैन में) के लिए पूंजीगत खर्च (कैपिटल एक्सपेंडिचर) को पूरा करने में करेगी। इसके अलावा, 50 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी के मौजूदा कर्ज को चुकाने (पूरा या आंशिक रूप से) के लिए किया जाएगा और बाकी शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए होगा।
ये कंपनी वर्ष 1996 में 'कटारिया ज्वेलर्स' ब्रांड नाम से स्थापित संगठित ज्वेलरी रिटेलर के रूप में काम करती है। इसका मुख्य कारोबार मध्य प्रदेश में है। यह कंपनी सोने, प्लैटिनम और चांदी जैसी कीमती धातुओं से बनी ज्वेलरी बेचती है, जिसमें हीरे (पॉल्की या बिना कटे हीरे सहित) और अन्य कीमती तथा अर्ध-कीमती रत्न जड़े होते हैं।
एमराल्ड ज्वेल इंडस्ट्री इंडिया के आईपीओ काे भी मंजूरी
कोयंबटूर स्थित एमराल्ड ज्वेल इंडस्ट्री इंडिया लिमिटेड को अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने 26 जून, 2026 को रेगुलेटर के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया था।
उल्लेखनीय है कि 1984 में स्थापित और कोयंबटूर में मुख्यालय वाली, एमराल्ड ज्वेल भारत की सबसे बड़ी बी2बी ज्वेलरी निर्माता कंपनी है, जो सोने, हीरे, चांदी और प्लैटिनम के आभूषण बनाती है। यह 'ज्वेलवन' ब्रांड के तहत रिटेल आउटलेट भी चलाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर