
- बिना सूचना के बदला विमान और सीट, जेड प्लस सुरक्षा प्रोटोकॉल टूटा
भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजाभोज विमानतल पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का मामला सामने आया है। मामला 23 नवंबर का है, लेकिन इसका शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि गत 23 नवंबर को दिल्ली रवाना होते समय केन्द्रीय मंत्री चौहान को यात्रियों की भीड़ के बीच एयरोब्रिज पर रुकना पड़ा। इतना ही नहीं, इंडिगो ने बिना पूर्व सूचना उनका विमान और सीट भी बदल दी। इस दौरान जेड प्लस सुरक्षा से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।
मामले में केन्द्रीय कृषि मंत्री के सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर ने लिखित रिपोर्ट तैयार की है। इस रिपोर्ट के आधार पर केन्द्रीय मंत्री चौहान के ओएसडी भूपेंद्र सिंह परस्ते ने शुक्रवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव आईएएस श्रीकेश लाठकर को पत्र भेजा है। इसमें लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल के पालन में लापरवाही, अधिकारियों की गैरमौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था में खामियों का जिक्र किया गया है। आरोप है कि पहले से सूचना दिए जाने के बावजूद शिवराज को रिसीव करने के लिए कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। यहां तक कि सुरक्षाकर्मियों को खुद उनका लगेज संभालना पड़ा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शिवराज के साथ यात्रा कर रहे लोगों को सुरक्षा जांच और बोर्डिंग के दौरान रोककर पूछताछ की गई, जिससे प्रक्रिया में देरी हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शिकायत के अनुसार, जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था के तहत संबंधित व्यक्ति को अन्य यात्रियों के विमान में सवार होने के बाद बोर्डिंग के लिए ले जाना चाहिए। इसके विपरीत 23 नवंबर को इंडिगो की उड़ान 6ई-6259 के लिए शिवराज को यात्रियों से भरे एयरोब्रिज से ले जाया गया। वहां भीड़ के कारण उन्हें सुरक्षा घेरे के साथ रास्ते में रुकना पड़ा।
बिना सूचना बदल दिया विमान और सीट
रिपोर्ट में एक और गंभीर लापरवाही का उल्लेख किया गया है। उड़ान संख्या वही रहने के बावजूद एयरलाइन ने विमान बदल दिया। साथ ही शिवराज की निर्धारित सीट में भी बदलाव किया गया। इसकी पूर्व जानकारी न तो उनके कार्यालय को दी गई और न ही सुरक्षा अधिकारियों को। विमान में पहुंचने के बाद सीट बदले जाने की जानकारी मिली।
स्वागत और सामान की व्यवस्था भी नहीं थी
शिकायत में कहा गया है कि एयरपोर्ट पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री को रिसीव करने और उनका सामान संभालने के लिए संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं थे। तत्कालीन एटीएम सिद्धार्थ यादव और प्रोटोकॉल स्टाफ की अनुपस्थिति में सुरक्षाकर्मियों को ही सामान विमान तक ले जाना पड़ा। शिवराज के साथ यात्रा कर रहे लोगों को भी सुरक्षा जांच और बोर्डिंग के दौरान रोककर पूछताछ की गई। इससे प्रक्रिया में देरी हुई और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
पहले ही दे दी गई थी आने की सूचना
सुरक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के मुताबिक, शिवराज के निवास से रवाना होने से पहले ही सीआईएसएफ के संपर्क अधिकारी, एयरपोर्ट प्रशासन, तत्कालीन एटीएम और इंडिगो के कर्मचारियों को उनके आगमन की सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद व्यवस्था में खामियां सामने आईं। रिपोर्ट में इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए पूर्वाग्रह की आशंका भी जताई गई है।
कई विभागों तक पहुंची शिकायत
ओएसडी भूपेंद्र सिंह परस्ते ने कार्रवाई की मांग वाला पत्र भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के महानिदेशक, सीआईएसएफ के महानिदेशक, इंडिगो के दिल्ली और भोपाल स्थित महाप्रबंधकों, मध्य प्रदेश के राज्य सत्कार अधिकारी और भोपाल कलेक्टर को भी भेजा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर