घरेलू शेयर बाजार में चार सत्रों की तेजी थमी, सेंसेक्स 989 अंक टूटा

युगवार्ता    27-Nov-2026
Total Views |
शेयर बाजार के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बाजार में चार कारोबारी सत्रों से जारी तेजी आज थम गई और सेंसेक्स 989 अंक टूट गया, जबकि निफ्टी गिरकर 25,607 अंक पर आ गया।

सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में मुनाफावसूली तथा कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी इस गिरावट की प्रमुख वजह रही। बाजार में आई इस गिरावट के बाद बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप कल के 514 लाख करोड़ रुपये से घटकर 513 लाख करोड़ रुपये रह गया है।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 989.34 अंक यानी 1.17 फीसदी गिरकर 83,339.26 अंक के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,120.26 अंक यानी 1.32 फीसदी टूटकर 83,208.33 अंक पर आ गया था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 277.30 अंक यानी 1.07 फीसदी की गिरावट के साथ 25,607.20 अंक पर बंद हुआ है।

सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा और एक्सिस बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा की गिरावट रही। दूसरी ओर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाइटन, इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील, पावर ग्रिड और ट्रेंट के शेयर बढ़त में रहे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.76 फीसदी चढ़कर 97.22 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। एशिया के अन्य शेयर बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.34 फीसदी, चीन का शंघाई कंपोजिट 3.73 फीसदी, जापान का निक्की 225 2.11 फीसदी और हांगकांग का हैंगसेंग 2.11 फीसदी की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजार भी सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। अमेरिका में थैंक्सगिविंग अवकाश के कारण बृहस्पतिवार को शेयर बाजार बंद रहे।

एक दिन पहले गुरुवार को 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 390.31 अंकों यानी 0.46 फीसदी की उछाल के साथ 84,328.59 अंकों पर बंद हुआ। निफ्टी 65.25 अंक यानी 0.25 फीसदी बढ़कर 25,884.50 के स्तर पर बंद हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags