
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संसद के विशेष सत्र से एक दिन पहले रविवार, 29 नवंबर को अपने सभी सांसदों की बैठक बुलाई है। इसमें सांसदों को नए परिसीमन विधेयक, इससे जुड़े संशोधनों और अन्य संवैधानिक बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक बैठक का मुख्य उद्देश्य संसद सत्र से पहले पार्टी के सभी सांसदों को प्रस्तावित विधेयकों के प्रावधानों, उनके उद्देश्यों और उनसे जुड़े संवैधानिक पहलुओं को लेकर तैयार करना है। इसके लिए संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीपीए) के सदस्य सांसदों को प्रस्तावित बदलावों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
बैठक में परिसीमन विधेयक और उससे संबंधित संवैधानिक संशोधनों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। सीसीपीए के सदस्य सांसदों को बताएंगे कि इन विधेयकों में क्या बदलाव प्रस्तावित हैं और संसद में इन पर चर्चा के दौरान किन महत्वपूर्ण बिंदुओं को ध्यान में रखना होगा।
भाजपा की इस बैठक को आगामी संसद सत्र की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी चाहती है कि सभी सांसद विधेयकों की विषयवस्तु और संवैधानिक प्रावधानों को अच्छी तरह समझें, ताकि संसद में चर्चा के दौरान वे पार्टी का पक्ष प्रभावी ढंग से रख सकें।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने 30 नवंबर से लोकसभा और दो दिसंबर से राज्यसभा का विशेष सत्र आहूत किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन एवं संविधान संशोधन विधेयक को शुक्रवार को मंजूरी दी, जिसे संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाना प्रस्तावित है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय