
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने निर्यातकों से उन देशों में क्षेत्र-विशिष्ट अवसरों की पहचान करने और निर्यात बढ़ाने के लिए विदेशी आपूर्ति शृंखला विकसित करने को कहा है, जिनके साथ भारत ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) लागू किए हैं।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने निर्यातकों, विशेषकर एमएसएमई, किसानों, कारीगरों और महिला उद्यमियों से भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के तहत मिलने वाले तरजीही शुल्क और नए बाजारों का भी अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया है।
मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्य सचिव ने 27 नवंबर को जयपुर में आयोजित एक संपर्क पहल को संबोधित करने के दौरान यह बात कही। अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि एफटीए निर्यातकों, विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए व्यापक अवसर प्रदान करते हैं। मंत्रालय ने कहा, ''उन्होंने निर्यातकों को एफटीए साझेदार देशों में क्षेत्र-विशिष्ट अवसरों की पहचान करने, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भाग लेने, विदेशी आपूर्ति शृंखला को विकसित करने और सीमा-पार ई-कॉमर्स जैसे उभरते माध्यमों को तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया।''
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि भारत ने ओमान, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) समूह सहित कई देशों के साथ व्यापार समझौते लागू किए हैं। छ साल पहले तक लगभग 10 लाख करोड़ डॉलर के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वाले वैश्विक बाजारों तक भारत की तरजीही पहुंच थी।
मंत्रालय ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में इन एफटीए के माध्यम से इसमें 60 लाख करोड़ डॉलर का अतिरिक्त विस्तार हुआ है, जिससे यह आंकड़ा कुल मिलाकर लगभग 70 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच गया है। इसके साथ ही आठ से नौ भौगोलिक क्षेत्रों में जारी द्विपक्षीय और बहुपक्षीय व्यापार वार्ताओं के साथ, अगले एक से डेढ़ साल में इसके बढ़कर लगभग 85 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है, जो वैश्विक जीडीपी का करीब 76 फीसदी है।
वाणिज्य मंत्रालय इन समझौतों से मिलने वाले अवसरों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कार्यशालाओं की एक शृंखला आयोजित कर रहा है। इसका आयोजन निर्यातकों, उद्यमियों और एमएसएमई को भारत के मुक्त व्यापार समझौतों से पैदा होने वाले अवसरों से परिचित कराने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक उनकी पहुंच अधिक सुगम बनाने के लिए किया गया था।
उल्लेखनीय है कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एफटीए के तहत निर्यात के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान और उत्तराखंड में आउटरीच कार्यक्रम और कार्यशालाएं आयोजित कीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर