
- दिल्ली पब्लिक स्कूल मुरादाबाद में 07 दिन चला प्रशिक्षण शिविर
मुरादाबाद, 28 नवंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के बावनवाड़ी इंटरनेशनल स्कूल में 29, 30 नवंबर और 01 दिसंबर को होने वाली राज्य स्तरीय रोल बॉल चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए मुरादाबाद की टीम शनिवार दोपहर 12 बजे डीपीएस से शिवम कुमार की कप्तानी में रवाना हुई।
चैम्पियनशिप से पहले चयनित खिलाड़ियों का 07 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया। शिविर में खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों, टीम समन्वय, स्टैमिना और फिटनेस का गहन अभ्यास कराया गया, जिससे टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता के लिए तैयार हो सके।
टीम की रवानगी के अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य सुदर्शन सोनार, प्रो वाइस चेयरमैन संदीप जैन और नितिन जैन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलने की सलाह दी और कहा कि वे अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन से जीत हासिल कर जनपद और विद्यालय का नाम रोशन करें।
डिस्ट्रिक्ट रोल बाल एसोसिएशन मुरादाबाद की सचिव रिम्पी सिंह, अध्यक्ष मनु मिश्रा, कोषाध्यक्ष लियाकत अली, वरिष्ठ उपाध्यक्ष परमेश्वरन और मधुरेंद्र कुमार, मनी शर्मा तथा गौरव कुमार सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने भी टीम को बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल