
भारत ने 18 साल बाद ओपन और बालिका वर्ग दोनों के खिताब जीते
काराकास, 28 नवंबर (हि.स.)। भारत के एथन वाज और बी. साविता श्री ने शुक्रवार को वेनेजुएला के काराकास में आयोजित 2026 फिडे अंडर-20 विश्व शतरंज चैंपियनशिप में क्रमशः ओपन और बालिका वर्ग का खिताब जीत लिया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के साथ भारत ने 18 साल बाद इस प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में एक साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
ओपन वर्ग में एथन वाज ने 11 दौर के मुकाबलों के बाद नौ अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। अजरबैजान के खागान अहमद और भारत के ग्रैंडमास्टर प्रणीथ वुप्पाला 8.5-8.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
15 वर्षीय एथन ने प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार अंदाज में की और लगातार पहले छह दौर में जीत दर्ज की। इसके बाद उन्होंने खागान और क्यूबा के अंतरराष्ट्रीय मास्टर डेनियल हिडाल्गो डियाज के खिलाफ बाजी ड्रॉ खेली, जबकि पराग्वे के जुआन सेबेस्टियन मेलियन से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, अंतिम दौर में इक्वाडोर के क्रिस गार्जन को हराकर उन्होंने खिताब अपने नाम कर लिया।
बालिका वर्ग में साविता श्री ने 9.5 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। वह चीन की यिनिंग चेन से एक अंक आगे रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर रहीं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गैलिना मिखीवा से उनके दो अंक अधिक रहे। साविता ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए खिताब जीता। आठवें से दसवें दौर के बीच उन्होंने तीन बाजियां ड्रॉ खेलीं।
भारत ने इससे पहले 2008 में तुर्किये के गाजियांटेप में आयोजित विश्व जूनियर चैंपियनशिप में ओपन और बालिका दोनों वर्गों के खिताब जीते थे। तब अभिजीत गुप्ता और हरिका द्रोणावल्ली चैंपियन बने थे। अब एथन और साविता की सफलता से भारत ने 18 साल बाद यह उपलब्धि दोहराई है।
इस आयु वर्ग की विश्व जूनियर शतरंज प्रतियोगिता में भारत सबसे सफल देशों में दूसरे स्थान पर है। उससे आगे केवल रूस है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे