ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए न्यूजीलैंड ने चुने सात तेज गेंदबाज, ओ'रूर्क और रे की वापसी

युगवार्ता    28-Nov-2026
Total Views |
तेज गेंदबाज विल ओ'रूर्क


वेलिंगटन, 28 नवंबर (हि.स.)।

न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नौ दिसंबर से शुरू होने वाली चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए सात तेज गेंदबाजों को टीम में शामिल किया है। विल ओ'रूर्क और माइकल रे की टीम में वापसी हुई है। ओ'रूर्क को भारत के खिलाफ हालिया सभी प्रारूपों की श्रृंखला में कार्यभार प्रबंधन के तहत आराम दिया गया था।

ओ'रूर्क ने पिछली बार इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में हिस्सा लिया था। उन्होंने अब तक 14 टेस्ट मैचों में 49 विकेट लिए हैं, जिसमें दो बार एक पारी में पांच विकेट हासिल करने का प्रदर्शन शामिल है। वहीं, छह फुट छह इंच लंबे तेज गेंदबाज रे ने पिछले साल वेलिंगटन में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था। उनके नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 238 विकेट दर्ज हैं।

न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने ओ'रूर्क की वापसी पर कहा, “विल को पहले से ही मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण में वापस शामिल कर पाना बेहद उत्साहजनक है। उनकी लंबाई और तेज गति से गेंद को दाएं हाथ के बल्लेबाज के अंदर की ओर लाने की क्षमता हमारे आक्रमण को एक नया आयाम देती है। साथ ही, यह हमारे पास मौजूद अन्य गेंदबाजों की खूबियों के साथ भी अच्छी तरह मेल खाती है।”

मैट फिशर को भी टीम में जगह मिली है। उन्होंने अगस्त 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था। 27 वर्षीय फिशर भारत के खिलाफ तीनों प्रारूपों की श्रृंखलाओं के लिए न्यूजीलैंड की टीम का हिस्सा रहे थे। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 22 की औसत से 60 विकेट लिए हैं। भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले उन्हें ब्लेयर टिकनर के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था, हालांकि उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली थी।

भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से हाथ में फ्रैक्चर और हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर हुए मिचेल सैंटनर और टिकनर अपना फिटनेस सुधार कार्यक्रम जारी रखेंगे। फिट होने के बाद उनके ऑस्ट्रेलिया में टीम से जुड़ने का लक्ष्य है। वहीं, कूल्हे की मांसपेशियों में चोट से उबर रहे जैक फॉल्क्स और टखने की चोट से जूझ रहे बेन सीयर्स चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला का हिस्सा रहे डीन फॉक्सक्रॉफ्ट और जैकब डफी को टीम में जगह नहीं मिली है।

चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला नौ दिसंबर से पर्थ में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 17 से 21 दिसंबर तक एडिलेड में होगा। बॉक्सिंग डे टेस्ट 26 से 30 दिसंबर तक मेलबर्न में खेला जाएगा, जबकि श्रृंखला का अंतिम मुकाबला चार से आठ जनवरी तक सिडनी में होगा।

न्यूजीलैंड टेस्ट टीम : टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, विल ओ'रूर्क, ग्लेन फिलिप्स, माइकल रे, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ और विल यंग।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags