रक्षा खडसे ने वर्ल्ड आर्म रेसलिंग और पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

03 Nov 2026 18:38:53
केंद्रीय मंत्री


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे मंगलवार को नई दिल्ली में चल रही 47वीं वर्ल्ड आर्मरेसलिंग और 28वीं विश्व पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में शामिल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। भारत में पहली बार आयोजित हो रही यह चैंपियनशिप 6 नवंबर तक चलेगी। इसकी शुरुआत 29 अक्टूबर से हुई थी। इसमें 60 से अधिक देशों के 1,700 से ज्यादा एथलीट, अधिकारी और समर्थक शामिल हैं।

इस चैंपियनशिप का आयोजन 'पीपल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया' (पीएएफआई) द्वारा किया जा रहा है। इसका नेतृत्व पीएएफआई की अध्यक्ष और एशियन आर्मरेसलिंग फेडरेशन की उपाध्यक्ष प्रीति झंगियानी तथा 'प्रो पंजा लीग' के सह-संस्थापक परवीन डबास कर रहे हैं। यह आयोजन 'वर्ल्ड आर्मरेसलिंग फेडरेशन की संबद्धता और मार्गदर्शन में हो रहा है।

आयोजन के दौरान मंत्री खडसे ने मुकाबले देखे, खिलाड़ियों और अधिकारियों से बातचीत की और भारत के आर्म-रेसलरों तथा पैरा आर्म-रेसलरों सहित सभी भाग लेने वाले देशों के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री ने कहा कि `हमारे लिए यह बहुत बड़ा अवसर है कि भारत 2026 में 47वीं वर्ल्ड आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप और 28वीं पैरा वर्ल्ड आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। यहां मौजूद सभी लोगों को मेरी ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं भारत में भी इस आर्मरेसलिंग प्रतियोगिता को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही हूं। इस तरह, हम सब मिलकर अपने देश के लिए निश्चित रूप से कुछ अच्छा कर सकते हैं।'

वर्ल्ड आर्मरेसलिंग और पैरा-आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप में भारत ने अब तक कुल 58 पदक जीते हैं, जिनमें 9 स्वर्ण, 19 रजत और 30 कांस्य पदक शामिल हैं। इन पदकों में पैरा श्रेणियों में 26, सब-जूनियर, जूनियर और यूथ श्रेणियों में 20 तथा मास्टर्स और ग्रैंड मास्टर्स श्रेणियों में 12 पदक शामिल हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0