हाइलो ओपन-2026 का खिताब जीतकर पीवी सिंधु विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर

03 Nov 2026 13:07:53
पी.वी. सिंधु फोटो @पीवी सिंधु सोशल मीडिया एक्स


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। जर्मनी में हाल ही में हुए 'हाइलो ओपन-2026' में खिताब जीतने के बाद भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु अपनी विश्व रैंकिंग में और सुधार करके छठे स्थान पर पहुंच गई हैं।

महिला सिंगल्स के फाइनल में भारतीय खिलाड़ी ने डेनमार्क की लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड को 21-12, 21-14 से हराकर इस सीजन का अपना दूसरा खिताब जीता। इससे पहले, उन्होंने इस साल 'जापान ओपन' का खिताब भी अपने नाम किया था।

इस 'सुपर 500' खिताब से उन्हें 9,200 अंक मिले, जिससे बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग के ताजा अपडेट में वह दो स्थान ऊपर आ गईं। एक हफ्ते पहले 'फ्रेंच ओपन' में शानदार प्रदर्शन के बाद सिंधु टॉप-10 में शामिल हुई थीं (तीन स्थान की छलांग लगाकर आठवें नंबर पर पहुंची थीं), जहां फाइनल में उन्हें विश्व की नंबर 1 खिलाड़ी एन से-यंग से हार का सामना करना पड़ा था।

इससे पहले वह अक्टूबर, 2022 में टॉप-5 में थीं, जब वह कुछ समय के लिए विश्व की नंबर 5 खिलाड़ी बनी थीं।

महिला एकल वर्ग में अन्य भारतीय खिलाड़ियों की बात करें, तो तन्वी शर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर 21वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि उन्नति हुड्डा दो स्थान नीचे खिसककर 23वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

पुरुष एकल वर्ग में लक्ष्य सेन ने भी सुधार किया है। 'हाइलो ओपन' का खिताब जीतने के बाद वह एक स्थान ऊपर चढ़कर 13वें नंबर पर आ गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0