हॉरर फिल्म 'रूह' से इमरान हाशमी की वापसी, 2027 में बड़े पर्दे पर मचेगा डर

03 Nov 2026 12:36:53
इमरान हाशमी - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 03 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी आगामी म्यूजिकल-हॉरर फिल्म 'रूह' का पहला मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है।

इस साल जून में घोषित हुई इस फिल्म का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं। टिप्स फिल्म्स और विकेड फिल्म्स के सहयोग से बन रही इस सुपरनैचुरल थ्रिलर की पटकथा मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने लिखी है। इससे पहले इमरान 'राज 2' और 'एक थी डायन' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों को डर का अनुभव करा चुके हैं।

फिल्म के मोशन पोस्टर में एक घना और रहस्यमयी जंगल दिखाई देता है। इसी बीच एक पेड़ के पीछे लंबे बालों में इमरान हाशमी की डरावनी झलक नजर आती है। पोस्टर के साथ सुनाई देने वाला बैकग्राउंड म्यूजिक भी फिल्म के रहस्य और भय का माहौल तैयार करता है। निर्माताओं ने इसे शेयर करते हुए लिखा, 'डर जितना गहरा होगा, म्यूजिक उतना ही बड़ा होगा।' हालांकि, फिल्म की कहानी और इसमें नजर आने वाले अन्य कलाकारों के नाम फिलहाल सामने नहीं आए हैं।

म्यूजिकल और हॉरर का मेल होने के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ सकती है। 'रूह' को 2027 में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म की रिलीज तारीख और बाकी कलाकारों से जुड़ी जानकारी का इंतजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0