ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

03 Nov 2026 10:09:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए थे। आज सुबह डाउ जोन्स फ्यूचर्स भी मामूली कमजोरी के साथ लाल निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मजबूती का माहौल बना रहा, जहां प्रमुख सूचकांकों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई थी। वहीं एशियाई बाजार से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं।

सोमवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। माना जा रहा है कि मध्य एशिया में शांति समझौते की उम्मीद के बीच अमेरिका द्वारा ईरान के एक द्वीप पर हमला करने के कारण बने डर के माहौल की वजह से अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट का शिकार हो गए। इसके अलावा, अमेरिकी निवेशक आज होने वाले अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के परिणामों के इंतजार में भी सतर्क बने हुए हैं। मध्य एशिया के तनाव और अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन को लेकर बनी सतर्कता के कारण ही पिछल सत्र के दौरान अमेरिका के दो प्रमुख सूचकांक गिरावट का शिकार हो गए।

एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,541.68 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं टेक कंपनियों से जुड़ा नैस्डैक कंपोजिट ने भी 272.68 अंक यानी 1.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,164.32 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,983.98 अंकों पर पहुंचने में कामयाब हो गया। दूसरी ओर, आज सुबह डाउ जोन्स फ्यूचर्स फिलहाल 172.94 अंक यानी 0.33 प्रतिशत टूट कर 51,810.05 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार के बीते सत्र की सुस्ती के बीच यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान अच्छी मजबूती नजर आई। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 162.88 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,981.09 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह फ्रांस के सीएसी इंडेक्स ने 78.27 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की शानदार तेजी के साथ 8,047.69 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं, ब्रिटेन का एफटीएसई इंडेक्स भी 31.55 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की मजबूती दर्ज करते हुए 10,761.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

ग्लोबल मार्केट के इन संकेतों के बीच एशियाई बाजार में आज सुबह मिला-जुला रुख बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजार में से तीन सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि छह सूचकांक बिकवाली के दबाव में लाल निशान में बने हुए हैं। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाले गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह तेज उछाल का रुख बना हुआ है, जो घरेलू बाजार के लिए बेहतरीन संकेत हैं। फिलहाल यह सूचकांक 160 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ 23,562.50 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार में भी आज तेजी का रुख बना हुआ है, जहां हैंगसेंग इंडेक्स फिलहाल 77.68 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,471 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स भी आज मामूली बढ़त के साथ काम करता नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 13.26 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,278.32 अंक के स्तर पर बना हुआ है।

दूसरी ओर, जापान का निक्केई 225 इंडेक्स आज कमजोरी के साथ लाल निशान में पहुंचा हुआ है। फिलहाल यह सूचकांक 208.25 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 63,081.86 अंक के स्तर पर बना हुआ है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में आज भारी मंदी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। चौतरफा बिकवाली के दबाव से फिलहाल यह सूचकांक 202.18 अंक यानी 3.45 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 5,656.90 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में भी आज जबरदस्त कमजोरी का माहौल बना हुआ है। यहां लगातार हो रही मुनाफावसूली के कारण ताइवान वेटेड इंडेक्स 914.93 अंक यानी 2.04 प्रतिशत फिसल कर 44,005.21 अंक के स्तर पर आ गया है।

इंडोनेशिया स्टॉक एक्सचेंज में भी आज बिकवाल हावी नजर आ रहे हैं, जिसके कारण जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 87.73 अंक यानी 1.72 प्रतिशत की मंदी के साथ 5,009.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी आज लाल निशान में फिसल गया है। फिलहाल यह सूचकांक 25.94 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,612.09 अंक के स्तर पर बना हुआ है। इसके अलावा थाईलैंड के सेट कंपोजिट इंडेक्स में भी आज सुस्ती नजर आ रही है। अभी यह सूचकांक 5.71 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,501.49 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0