आईसीसी वनडे रैंकिंग: वैष्णवी शर्मा ने लगाई 53 स्थान की छलांग, 94वें नंबर पर पहुंची

03 Nov 2026 15:49:53
वैष्णवी शर्मा, फोटो- बीसीसीआई वूमेन सोशल मीडिया एक्स


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। जिम्बाब्वे के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कई खिलाड़ियों को आईसीसी महिला वनडे प्लेयर रैंकिंग में फायदा हुआ है। गेंदबाजी रैंकिंग में सबसे बड़ी छलांग 20 वर्षीय भारतीय स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने लगाई है। वह 53 स्थान ऊपर चढ़कर 94वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

वैष्णवी ने सीरीज के दूसरे वनडे में चार विकेट हासिल किए थे। इसके बाद आखिरी मुकाबले में भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए थे। वनडे करियर का अपना केवल तीसरा मैच खेल रहीं वैष्णवी ने 39 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय तेज गेंदबाज सयाली सतघारे को भी फायदा हुआ है। सयाली ने आखिरी वनडे में छह ओवर में 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे। इसके परिणामस्वरूप वह 18 स्थान की छलांग लगाकर 85वें नंबर पर पहुंच गईं हैं। वहीं, इस मुकाबले में दो विकेट लेने वाली क्रांति गौड़ भी एक स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

जिम्बाब्वे की नोमवेलो सिबांडा को भी गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है। आखिरी वनडे में एक विकेट हासिल करने के बाद वह दो स्थान ऊपर चढ़कर 60वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने सुधार किया है। सीरीज में लगातार तीसरा अर्धशतक लगाने के बाद वह तीन स्थान ऊपर चढ़कर 18वें नंबर पर पहुंच गई हैं। सीरीज के आखिरी वनडे में आक्रामक अंदाज में 51 रनों की पारी खेलने वाली शेफाली वर्मा को आठ स्थान का फायदा हुआ है। वह अब संयुक्त रूप से 65वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

जिम्बाब्वे की खिलाड़ियों ने भी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में सुधार किया है। आखिरी मुकाबले में 37 रन बनाने वाली सलामी बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिकवा तीन स्थान ऊपर चढ़कर 36वें नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि टीम की कप्तान जोसेफिन नकोमो को दो स्थान का फायदा हुआ है और वह 49वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0