नेपाल के नए भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला काठमांडू पहुंचे, संभालेंगे कार्यभार

03 Nov 2026 14:59:53
काठमांडू हवाईअड्डे पर नेपाल के लिए भारतीय राजदूत


काठमांडू, 03 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के लिए नवनियुक्त भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला अपना कार्यभार संभालने के लिए सोमवार को काठमांडू पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे एयर इंडिया के विमान से त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे दलेला का भारतीय दूतावास के उप प्रमुख डॉ. राकेश पांडेय और नेपाल के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने स्वागत किया।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कुछ दिन पहले ही दलेला को नेपाल में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया था। इससे पहले वह विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंधों के सचिव के पद पर कार्यरत थे। दलेला इससे पहले भूटान में भी भारत के राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह भारतीय विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में नेपाल और भूटान से संबंधित मामलों को देखने वाले नॉर्थ डेस्क के प्रभारी भी रह चुके हैं।

नेपाल में भारत के नए राजदूत के रूप में उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के प्रयास जारी हैं। दलेला के नेपाल पहुंचने के बाद अब उनके जल्द ही औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0