इंडिगो के बेड़े में साल 2027 तक शामिल होंगे 14 ‘ए321 एक्सएलआर’ विमान: विली वॉल्श

03 Nov 2026 13:39:53
इंडिगो विमान के लोगो का प्रतिकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विली वॉल्श ने मंगलवार को कहा कि दिसंबर 2027 के अंत तक एयरलाइन के बेड़े में कुल 14 नैरो-बॉडी ‘ए321 एक्सएलआर’ विमान शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि एयरलाइन अपने अंतरराष्ट्रीय परिचालन का विस्तार करने की योजना बना रही है।

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित सम्मेलन में विली वॉल्श ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल कंपनी के बेड़े में ‘ए321 एक्सएलआर’ के चार विमान हैं, जबकि इस साल के अंत तक एक और विमान शामिल किया जाएगा। वॉल्श ने कहा कि इन विमानों की रेंज अधिक है, जिससे एयरलाइन को विदेशों में और अधिक जगहों तक अपनी सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।

विली वॉल्श ने 'एविएशन इंडिया एंड साउथ एशिया 2026' सम्मेलन में बोलते इस बात पर भी जोर दिया कि एयरलाइन का मुख्य फोकस छोटी दूरी (शॉर्ट-हॉल) की उड़ानों पर बना रहेगा और उनकी लागत संरचना (कॉस्ट बेस) बहुत ही किफायती है। उन्होंने कहा कि एयरलाइन, जिसने लीज पर लिए गए वाइड-बॉडी बोइंग 787 विमानों का परिचालन बंद कर दिया है, उसे 2028 की दूसरी तिमाही से अपने A350-900 विमान मिलने की उम्मीद है।

इंडिगो सीईओ ने बताया कि A350 विमानों के साथ परिचालन शुरू करने से पहले अभी काफी काम किया जाना बाकी है। उन्होंने कहा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि A350 के शामिल होने के उत्साह में हम अपना ध्यान न भटकाएं। हमें छोटी दूरी की नैरो-बॉडी उड़ानों पर भी अपना ध्यान बनाए रखना होगा, जो कि अभी बहुत ही किफायती तरीके से चल रही हैं।

इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने हवाई अड्डों के बारे में उन्होंने कहा कि उनके साथ प्रभावी साझेदारी करने की जरूरत है। वॉल्श ने कहा कि हवाई अड्डों को अपने निवेश पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने हवाई अड्डों के ऊंचे शुल्क और करों की आलोचना करते रहे यह बात कही।

विमानन कंपनी इंडिगो को उम्मीद है कि 2030 तक उसके बेड़े में 600 विमान होंगे। फिलहाल इंडिगो के बेड़े में 440 से अधिक विमान हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0