सतलाना, डूडिया और डूंडारा स्टेशनों पर दोहरीकरण कार्य के चलते कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट

03 Nov 2026 14:51:53

नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर रेलवे के जोधपुर मंडल के सतलाना, डूडिया और डूंडारा रेलवे स्टेशनों पर पैच दोहरीकरण कार्य के चलते दिसंबर में कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ के मार्ग में परिवर्तन किया जाएगा। इसके अलावा एक ट्रेन को निर्धारित समय से विलंबित चलाया जाएगा।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि दोहरीकरण कार्य के कारण ट्रेन संख्या 19403 भुज-दिल्ली जंक्शन चार दिन, 17 से 20 दिसंबर तक रद्द रहेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 19404 दिल्ली जंक्शन-भुज भी 18 से 21 दिसंबर तक चार दिन रद्द रहेगी।

ट्रेन संख्या 19272 हरिद्वार-भावनगर टर्मिनस का 19 दिसंबर को मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग लूनी-बीएलडीआई-एमएसएच के स्थान पर लूनी-मारवाड़ जंक्शन-पालनपुर जंक्शन-महेसाणा जंक्शन होकर संचालित होगी।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर को 22 नवंबर को जोधपुर जंक्शन और लूनी जंक्शन के बीच 45 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की अद्यतन जानकारी के लिए एनटीईएस वेबसाइट या 139 रेलवे हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0