कीव, 02 नवंबर (हि.स.)। यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा गांव में रूसी हवाई हमले में 18 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच 'टेलीग्राम' पर बताया कि रूसी सेना ने सबसे पहले गांव के एक स्कूल को हवाई बमों से निशाना बनाया था। इस स्कूल का इस्तेमाल स्थानीय लोगों को मानवीय सहायता बांटने के लिए किया जा रहा था। उनके अनुसार, शुरुआती हमले के बाद रूसी सेना ने दोबारा हमला किया और नौ और बम गिराए। इस बार निशाना वह आश्रय स्थल था, जहां लोग एकत्र थे।
जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूसी सेना को इस बात की जानकारी थी कि कोमिशुवाखा में रह गए लोगों को हर सप्ताह इसी स्थान पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि यह हमला दर्शाता है कि रूस तनाव कम करने और वास्तविक न्याय की दिशा में आगे बढ़ने का इच्छुक नहीं है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय