बीएचयू में निर्मला सीतारमण ने जारी किया मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती पर 250 रुपये का स्मारक सिक्का

03 Nov 2026 18:13:53
बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण


बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण


वाराणसी, 03 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में कर्नाटक शास्त्रीय संगीत के महान संगीतकार मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती के अवसर पर 250 रुपये के स्मारक सिक्के का लोकार्पण किया। बीएचयू के स्वतंत्रता भवन सभागार में आईआईटी बीएचयू के भारतीय ज्ञान परंपरा उत्कृष्टता केंद्र (सीओई-आईकेएस) की ओर से आयोजित समारोह में वित्त मंत्री ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ने मुत्तुस्वामी दीक्षितर के जीवन, उनकी संगीत साधना और भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। वर्ष 1775 में जन्मे दीक्षितर को कर्नाटक संगीत की महान त्रिमूर्ति के प्रमुख संगीतकारों में गिना जाता है। त्यागराज और श्यामा शास्त्री के साथ उन्हें कर्नाटक संगीत के तीन महान स्तंभों में स्थान प्राप्त है।

मुत्तुस्वामी दीक्षितर की रचनाओं में विभिन्न रागों का अनूठा विस्तार देखने को मिलता है। उनकी कृतियों में मंदिरों, देवी-देवताओं और भारतीय आध्यात्मिक एवं धार्मिक परंपराओं का गहन चित्रण मिलता है। संगीतकार, गायक और वीणा वादक के रूप में उन्होंने अपनी कालजयी रचनाओं से कर्नाटक शास्त्रीय संगीत को समृद्ध किया। उनकी संगीत विरासत आज भी भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है।

बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय के पूर्व प्रमुख प्रो. राजेश शाह ने कहा कि मुत्तुस्वामी दीक्षितर भारतीय शास्त्रीय संगीत के अत्यंत प्रतिष्ठित संगीतकार थे। उन्होंने अपनी विलक्षण प्रतिभा और रचनात्मकता से कर्नाटक संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। त्यागराज और श्यामा शास्त्री के साथ उनकी रचनाएं आज भी संगीत जगत के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

समारोह में मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत ने स्मारक सिक्के की विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 250 रुपये मूल्यवर्ग का यह सिक्का 35 ग्राम वजन का होगा। इसे चार धातुओं के मिश्रण से तैयार किया गया है। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा तथा पांच-पांच प्रतिशत निकल और जस्ता शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिक्का सामान्य लेन-देन के लिए जारी नहीं किया गया है, बल्कि महान संगीतकार की 250वीं जयंती की स्मृति में विशेष स्मारक के रूप में तैयार किया गया है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मुत्तुस्वामी दीक्षितर के व्यक्तित्व, कृतित्व, संगीत विरासत और भारतीय संस्कृति में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत को सम्मानित करना रहा।

इससे पहले बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं पार्टी के प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय सहित अन्य नेता शामिल रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Siyaram Pandey

Powered By Sangraha 9.0