वेस्टइंडीज महिला टीम के कोच डिएट्ज ने छोड़ा पद, कोली को अंतरिम जिम्मेदारी

युगवार्ता    03-Nov-2026
Total Views |
वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच शेन डिएट्ज


- तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद अलग हुए डिएट्ज, पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज से कमान संभालेंगे आंद्रे कोली

किंग्सटन, 03 नवंबर (हि.स.)। वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच शेन डिएट्ज ने तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ दिया है। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। डिएट्ज का अनुबंध अक्टूबर के अंत में समाप्त हो गया था। उनके स्थान पर वेस्टइंडीज पुरुष टेस्ट टीम के पूर्व कोच आंद्रे कोली को अंतरिम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कोली आगामी पाकिस्तान दौरे के दौरान वेस्टइंडीज महिला टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे। सीडब्ल्यूआई के क्रिकेट निदेशक माइल्स बासकॉम्ब ने कहा कि डिएट्ज के मार्गदर्शन में टीम ने लगातार दो महिला टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने इस प्रदर्शन को टीम के लिए एक नया मानक बताया।

डिएट्ज के कार्यकाल में वेस्टइंडीज की महिला टीम 2024 और 2026 के टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक पहुंची। हालांकि, 2024 में उसे न्यूजीलैंड और इस साल ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

बासकॉम्ब ने बताया कि डिएट्ज ने अपने भविष्य की योजनाओं के बारे में बोर्ड को जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों ने टीम के हित में नेतृत्व परिवर्तन को उचित समय पर करने और जिम्मेदारी का सुचारु हस्तांतरण सुनिश्चित करने पर सहमति जताई।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags