रियल एस्टेट कंपनी आर्यन होमटेक के ठिकानों पर ईडी का छापा

04 Nov 2026 19:02:53
ईडी लोगो संग्रहित फोटो


नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रियल एस्टेट कंपनी आर्यन होमटेक प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों भरत रेड्डी तथा रश्मि भरत रेड्डी से जुड़े तीन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। बेंगलुरु क्षेत्रीय कार्यालय की इस कार्रवाई में आपत्तिजनक और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। कंपनी पर आवासीय परियोजनाओं के लिए घर खरीदारों और निवेशकों से जुटाई गई करीब 90 करोड़ रुपये की राशि दूसरी जगह इस्तेमाल करने और धन शोधन का आरोप है।

ईडी ने जमीन मालिकों, घर खरीदारों और वित्तीय संस्थानों की शिकायतों पर पुलिस की ओर से दर्ज विभिन्न प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की थी। इनमें से कुछ मामलों में पुलिस ने आरोपितों का पता नहीं चलने की बात कहते हुए सी-रिपोर्ट दाखिल की थी। ईडी के अनुसार तलाशी से पहले आरोपितों के ठिकानों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। जांच में सामने आया कि आर्यन होमटेक ने जमीन मालिक बीजी अंजिनप्पा के साथ संयुक्त विकास समझौता किया था। इसके तहत परियोजना और उससे जुड़ी जमीन में बनने वाली इकाइयों का 63 और 37 प्रतिशत के अनुपात में बंटवारा होना था। कंपनी की दो परियोजनाएं ‘आर्यन फाउंटेन स्क्वायर’ और ‘आर्यन गोल्डन एरिना’ थीं।

ईडी के अनुसार कंपनी और उसके निदेशकों ने संयुक्त विकास समझौते के तहत जमीन मालिक को आवंटित अपार्टमेंट का निर्माण नहीं किया। इसके अलावा विभिन्न वित्तीय संस्थानों से लिए गए ऋण में जमीन मालिक को गारंटर बनाया गया। कंपनी से कोई लाभ नहीं मिलने के बावजूद जमीन बचाने के लिए जमीन मालिक को ऋण का बड़ा हिस्सा चुकाना पड़ा।

ईडी ने आरोप लगाया कि कंपनी के निदेशकों ने दोनों परियोजनाओं के लिए घर खरीदारों और निवेशकों से जुटाई गई रकम का दूसरी जगह इस्तेमाल किया। निर्माण के लिए निर्धारित करीब 90 करोड़ रुपये की राशि दूसरी जगह भेज दी गई। कंपनी और उसके निदेशकों ने इस रकम को परिवार के सदस्यों तथा उनसे जुड़ी कंपनियों के खातों में स्थानांतरित कर धन शोधन किया। ईडी ने कहा कि मामले में जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0