एथेंस, 04 नवंबर (हि.स.)। ग्रीस की राजधानी एथेंस स्थित विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार को छात्र सभा पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने धावा बोला, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। हेलमेट पहने कुछ लोगों के समूह ने सभा को निशाना बनाया। ग्रीस की आपातकालीन चिकित्सा सेवा और सरकारी समाचार एजेंसी ‘एथेंस न्यूज एजेंसी’ ने यह जानकारी दी।
घायलों को एथेंस के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सा सेवा के अनुसार, किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हमला किसने किया और इसके पीछे क्या वजह थी।
ग्रीस के शिक्षा मंत्रालय ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की हिंसा शैक्षणिक समुदाय का अपमान है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कमजोर करती है।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब ग्रीस में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी मांगों को लेकर छात्र और शिक्षक लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले महीने देश के विभिन्न हिस्सों में हजारों छात्रों और शिक्षकों ने सड़कों पर उतरकर शिक्षा के लिए सरकारी बजट बढ़ाने, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और कक्षाओं में भीड़ कम करने की मांग की थी।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय