डीसी स्कूल कप के फाइनल में सेंट फ्रोबेल और मॉडर्न स्कूल, कल खिताबी भिड़ंत

05 Nov 2026 15:12:53
नूर मोहम्मद


नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के जीएमआर क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज करने के बाद सेंट फ्रोबेल पश्चिम विहार और मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) स्कूल कप-2026 के फाइनल में जगह बना ली है। पहले सेमीफाइनल में सेंट फ्रोबेल ने डीपीएस वसंत कुंज को 182 रनों के बड़े अंतर से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड ने बिलबोंग स्कूल नोएडा को 49 रनों से मात दी। अब 6 नवंबर को इन दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा।

पहले सेमीफाइनल में सेंट फ्रोबेल ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से नूर मोहम्मद ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 65 गेंदों पर नाबाद 142 रन बनाए। उनकी पारी में 17 चौके और आठ छक्के शामिल रहे। सैयांश वोहरा ने 36 गेंदों पर 68 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल थे।

248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीपीएस वसंत कुंज की टीम सेंट फ्रोबेल की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 14.4 ओवर में महज 65 रन पर ऑलआउट हो गई। सूर्यांश यादव ने 20 गेंदों पर 28 रन बनाए, जबकि हार्दिक धामा ने 16 रन का योगदान दिया।

सेंट फ्रोबेल की ओर से पवन बघेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.4 ओवर में केवल आठ रन देकर चार विकेट हासिल किए। सैयांश ने भी गेंद से कमाल दिखाया और तीन ओवर में एक मेडन के साथ केवल चार रन देकर एक विकेट लिया। इस तरह सेंट फ्रोबेल ने 182 रन से बड़ी जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

दूसरे सेमीफाइनल में मॉडर्न स्कूल ने बिलबोंग स्कूल को 49 रन से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए मॉडर्न स्कूल ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन बनाए। टीम की ओर से वियान सचदेवा ने महज 29 गेंदों पर 66 रन की विस्फोटक पारी खेली। शिवेश कपूर ने 38 गेंदों पर 53 रन बनाए तथा गृहिथ गुंबर ने 32 रन का योगदान दिया।

जवाब में बिलबोंग स्कूल की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अबीर सुदान ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों पर 67 रन बनाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका।

मॉडर्न स्कूल की ओर से विनायक चौधरी और माहिर सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए। आदित्य मित्तल और गृहिथ ने भी एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया।

दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बाद अब सेंट फ्रोबेल पश्चिम विहार और मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड के बीच 6 नवंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें डीसी स्कूल कप-2026 की ट्रॉफी जीतकर अपने अभियान का यादगार अंत करना चाहेंगी।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0