महिला वर्ग में दीप्ति शर्मा 'आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ' पुरस्कार के लिए नामित

05 Nov 2026 18:33:53
महिला आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ' पुरस्कार के लिए नामित खिलाड़ी


नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अक्टूबर महीने के लिए महिला प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के नामांकित खिलाड़ियों की घोषणा कर दी है। महिला वर्ग में भारत की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, बांग्लादेश की बल्लेबाज शोभना मोस्तरी और ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड को जगह मिली है। तीनों खिलाड़ियों ने अक्टूबर में बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीमों की सफलता में अहम योगदान दिया।

दीप्ति शर्मा (भारत)भारतीय टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के लिए अक्टूबर का महीना शानदार रहा। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे और टी-20 दोनों सीरीज में बल्ले और गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दीप्ति का सबसे यादगार प्रदर्शन वडोदरा में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में देखने को मिला। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने वनडे करियर का दूसरा शतक लगाया और इसके बाद गेंदबाजी में भी तीन विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 121 रन की बड़ी जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम की।

इससे पहले रायपुर में खेले गए पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भी दीप्ति ने तेजतर्रार 49 रन की पारी खेलकर भारत की जीत की नींव रखी थी। इसके अलावा उन्होंने टी-20 सीरीज के बाकी मुकाबलों में दो विकेट हासिल किए, जिससे भारतीय टीम ने सीरीज में क्लीन स्वीप किया। वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भी दीप्ति ने दो विकेट लिए थे। इस तरह उन्होंने पूरे महीने अपने हरफनमौला प्रदर्शन से भारतीय टीम को मजबूती दी।

शोभना मोस्तरी (बांग्लादेश)बांग्लादेश की शोभना मोस्तरी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन में खेले गए मुकाबले में 134 गेंदों पर 118 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट में बांग्लादेश की किसी महिला खिलाड़ी द्वारा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। अपनी इस पारी के दौरान मोस्तरी ने 18 चौके लगाए और बांग्लादेश को निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर 220 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।

हालांकि, उनका यह प्रदर्शन टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा और बांग्लादेश को मैच के साथ सीरीज में भी हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद मोस्तरी ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 43 की औसत से कुल 129 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

एनाबेल सदरलैंड (ऑस्ट्रेलिया)ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड ने भी अक्टूबर में बल्ले और गेंद दोनों से लगातार शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में अहम योगदान दिया। बांग्लादेश के खिलाफ ब्रिस्बेन में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में सदरलैंड ने गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए और बल्लेबाजी में नाबाद 25 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट से आसान जीत दर्ज की।

सीरीज के आखिरी वनडे मुकाबले में भी सदरलैंड ने नाबाद 74 रन की शानदार पारी खेली और मैच में दो विकेट भी हासिल किए। इस तरह उन्होंने तीन मैचों की वनडे सीरीज में कुल 99 रन बनाए और छह विकेट अपने नाम किए। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टी-20 मुकाबलों में उन्होंने 19 रन बनाए और एक विकेट हासिल किया। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0