टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए राशिद को करना होगा इंतजार, फिटनेस बनी बाधा

05 Nov 2026 14:26:53
राशिद खान


नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। अफगानिस्तान टीम के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान अभी भी टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। पीठ की चोट और फिटनेस संबंधी चिंताओं के चलते अफगानिस्तान की मेडिकल टीम ने उन्हें अभी टेस्ट मैच खेलने से बचने की सलाह दी है। अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले स्पष्ट किया कि पूरी तरह फिट होने के बाद ही राशिद टेस्ट टीम का हिस्सा होंगे।

राशिद खान ने अपने करियर में अब तक केवल छह टेस्ट मैच खेले हैं, जबकि सीमित ओवरों के दोनों प्रारूपों (वनडे और टी-20) में उनके नाम 245 से अधिक मैच दर्ज हैं। पीठ की चोट और फिटनेस संबंधी चिंताओं के कारण वह हाल के समय में टेस्ट क्रिकेट से दूर रहे हैं। हालांकि, सीमित ओवरों के क्रिकेट में वह अफगानिस्तान टीम के अहम खिलाड़ी बने हुए हैं।

आईसीसी वेबसाइट के अनुसार रहमत शाह ने कहा कि राशिद को लेकर टीम के मेडिकल स्टाफ और फिजियो ट्रेनरों ने सलाह दी है कि उन्हें अभी टेस्ट मैच नहीं खेलना चाहिए, क्योंकि वह अभी इसके लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं।

रहमत ने कहा कि हम सीमित ओवरों के क्रिकेट के लिए राशिद को खोने का जोखिम नहीं उठा सकते। वह हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राशिद खुद भी टेस्ट क्रिकेट खेलना पसंद करते हैं। हालांकि, अगर उनका शरीर इसकी अनुमति नहीं देता और डॉक्टरों तथा मेडिकल टीम की रिपोर्ट भी इसकी इजाजत नहीं देती, तो हम कोई जोखिम नहीं लेंगे।

अफगानिस्तान के कप्तान ने टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजों पर पड़ने वाले शारीरिक दबाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राशिद को पीठ की समस्याओं का पुराना इतिहास रहा है, इसके लिए उनके कार्यभार का प्रबंधन करना बेहद जरूरी है। रहमत ने कहा कि वह हमारे मुख्य स्पिनर हैं। अगर वह टीम में शामिल होते हैं, तो लंबी साझेदारी के दौरान मुझे निश्चित रूप से उनसे लगातार गेंदबाजी कराने की जरूरत पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि टेस्ट मैचों में उन पर काफी बोझ होगा, क्योंकि छोटे फॉर्मेट में खेल सिर्फ तीन घंटे का होता है और एक गेंदबाज को केवल चार ओवर ही फेंकने होते हैं, लेकिन टेस्ट में जिम्मेदारी और शारीरिक दबाव काफी ज्यादा होता है। राशिद के फिजियो के अनुसार, उन्हें अपने वर्कलोड को मैनेज करना होगा, क्योंकि उन्हें पहले पीठ की चोट रह चुकी है।

हालांकि, रहमत शाह ने साफ किया कि राशिद खान भविष्य में अफगानिस्तान की टेस्ट टीम की योजनाओं का हिस्सा बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने राशिद और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के साथ व्यक्तिगत रूप से इस बारे में बातचीत की है। जैसे ही वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे और खेलने के लिए 100 प्रतिशत तैयार होंगे, निश्चित रूप से टेस्ट टीम का हिस्सा होंगे।

अफगानिस्तान को जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसका पहला टेस्ट मुकाबला 5 नवंबर को शारजाह में शुरू हुआ है। सीरीज का दूसरा टेस्ट 13 नवंबर से इसी मैदान पर खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0