फ्रांस के स्कूल में आग लगाने की घटना, शिक्षा मंत्री ने की कड़ी निंदा

05 Nov 2026 21:16:53

पेरिस, 05 नवंबर (हि.स.)। फ्रांस के दक्षिणी शहर टूलूज के पास एक स्कूल में आगजनी की घटना के बाद शिक्षा मंत्री एडुआर जेफ्रे ने इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे जानबूझकर अंजाम दिया गया आपराधिक कृत्य बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों और स्कूल कर्मचारियों की जान खतरे में पड़ गई थी। घटना के बाद स्कूल को खाली कराना पड़ा।

शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि कुछ लोगों ने टुर्नफुइल स्थित लिसे फ्रांस्वा स्कूल में आग लगा दी। उन्होंने इस घटना को आपराधिक और बेहद निंदनीय बताया। मंत्री ने आग पर काबू पाने और नुकसान को सीमित करने के लिए दमकलकर्मियों तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की।

जेफ्रे ने कहा कि आगजनी की इस सुनियोजित घटना के गंभीर और दुखद परिणाम हो सकते थे। उन्होंने इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने सभी से इस कृत्य की स्पष्ट रूप से निंदा करने की अपील भी की।

इससे पहले, फ्रांस के गृह मंत्रालय ने बताया था कि स्कूल की छात्र सेवाओं से जुड़े कार्यालय को निशाना बनाकर आतिशबाजी के उपकरण फेंके गए थे, जिसके बाद आग लगी। घटना के कारण स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों को बाहर निकाला गया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0