दक्षिण कोरिया को 8-1 से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत, खिताब के लिए जापान से भिड़ंत

05 Nov 2026 00:16:53
दक्षिण कोरिया को 8-1 से रौंदकर हीरो एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा भारत


मोहाली, 04 नवंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-1 से करारी शिकस्त दी। अब गुरुवार को खिताबी मुकाबले में उसका सामना जापान से होगा।

भारत की जीत में शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह ने दो-दो गोल दागे। कप्तान हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, अंगद बीर सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने एक-एक गोल किया। दक्षिण कोरिया की ओर से एकमात्र गोल हान सांगजुन ने किया।

मोहाली के इस स्टेडियम में भारत का यह पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। घरेलू दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम लीग चरण में अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर अपराजित रही थी और उसने सेमीफाइनल में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

भारत ने चौथे मिनट में शिलानंद के गोल से बढ़त बनाई। हालांकि, नौवें मिनट में हान सांगजुन ने कोरिया को बराबरी दिला दी। इसके तुरंत बाद कप्तान हरमनप्रीत ने पेनाल्टी कॉर्नर पर दमदार ड्रैग फ्लिक लगाकर भारत को फिर आगे कर दिया। 13वें मिनट में गोलकीपर के बचाव के बाद मिले रिबाउंड पर शिलानंद ने अपना दूसरा गोल दागा।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय आक्रमण और तेज हो गया। सुखजीत ने 21वें मिनट में शानदार रिवर्स फ्लिक से गोल किया। इसी मिनट दिलप्रीत ने अंगद के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए भारत की बढ़त 5-1 कर दी। 25वें मिनट में हरमनप्रीत के लंबे हवाई पास को नियंत्रित कर दिलप्रीत ने अपना दूसरा गोल किया। मध्यांतर तक भारत 6-1 से आगे था।

तीसरे क्वार्टर में कोरियाई टीम को एक अतिरिक्त खिलाड़ी मैदान पर उतारने के कारण पांच मिनट का येलो कार्ड झेलना पड़ा। इसका फायदा उठाते हुए अंगद ने 36वें मिनट में भारत के लिए सातवां गोल किया। आखिरी क्वार्टर में कोरिया की टीम भारतीय रक्षा पंक्ति को भेदने में नाकाम रही। 54वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने शानदार व्यक्तिगत प्रयास से आठवां गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी।

दो गोल करने वाले दिलप्रीत सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने जीत का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयास को देते हुए कहा कि टीम की प्राथमिकता तय रणनीति को मैदान पर लागू करना था। उन्होंने मोहाली में परिवार और प्रशंसकों के सामने भारत का प्रतिनिधित्व करने को विशेष अनुभव बताया।

इससे पहले जापान ने पहले सेमीफाइनल में निर्धारित 60 मिनट तक गोलरहित मुकाबले के बाद पेनाल्टी शूटआउट में मलेशिया को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पांचवें-छठे स्थान के मुकाबले में चीन ने बांग्लादेश को 3-1 से पराजित किया।

भारत अब पांच नवंबर को शाम सात बजे जापान के खिलाफ मैदान में उतरेगा। मौजूदा चैंपियन टीम की नजरें छठी बार खिताब जीतकर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी बादशाहत और मजबूत करने पर होंगी।

------------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0