कपड़ा मंत्रालय सचिव ने इटली के 'कॉन्फिंडस्ट्रिया टोस्काना नॉर्ड' के अध्यक्ष से की मुलाकात

05 Nov 2026 13:26:53
कपड़ा मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव प्रातो की कपड़ा विनिर्माण इकाइयों का दौरा करती हुईं।


प्रातो/नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। भारत-इटली के बीच कपड़ा और फैशन क्षेत्र में रणनीतिक तथा तकनीकी संबंधों को गहरा करने के उद्देश्य से कपड़ा मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ इटली की यात्रा पर हैं। उनके नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अपनी यात्रा के तीसरे दिन इटली के प्रसिद्ध कपड़ा विनिर्माण केंद्र 'प्रातो' का विस्तृत दौरा किया।

मंत्रालय के अनुसार बुधवार को नीलम शमी राव ने 'कॉन्फिंडस्ट्रिया टोस्काना नॉर्ड' के अध्यक्ष के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इसके बाद आयोजित एक विशेष सेमिनार में भारत-इटली सहयोग, तकनीकी आदान-प्रदान, निवेश और औद्योगिक साझेदारी पर बल दिया गया।

इस दौरान 'भारत टेक्स 2027' को वैश्विक कपड़ा उद्योग के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में प्रस्तुत किया गया, जो दोनों देशों के उद्योगपतियों को नए व्यापारिक अवसर प्रदान करेगा। सेमिनार के बाद भारतीय और इतालवी विनिर्माताओं के बीच आमने-सामने व्यावसायिक बैठकें हुईं। इसमें सीधे व्यापार, सामग्री आपूर्ति और नए समझौतों पर सहमति तलाशने के प्रयास किए गए।

इसी दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रातो की कपड़ा विनिर्माण इकाइयों का प्रत्यक्ष दौरा किया। इस दौरान इतालवी विनिर्माण विशेषज्ञता, चक्रीय कपड़ा अर्थव्यवस्था और टिकाऊ उत्पादन पद्धतियों का गहन अवलोकन किया गया।

भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की पृष्ठभूमि में, यह यात्रा दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी और बाजार पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0