दिविजा पॉल ने डब्ल्यूटीटी यूथ कंटेंडर चेन्नई में अंडर-13 एकल वर्ग का खिताब जीता

05 Nov 2026 16:18:53
खिलाड़ी दिविजा पॉल


अहमदाबाद, 05 नवंबर (हि.स.)। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन की पहल ‘गर्व है’ से जुड़ी युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी दिविजा पॉल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डब्ल्यूटीटी यूथ कंटेंडर चेन्नई 2026 में अंडर-13 एकल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। यह प्रतियोगिता 23 से 26 अक्टूबर तक चेन्नई में आयोजित हुई। दिविजा ने इसके अलावा अपने से बड़ी आयु वर्ग में हिस्सा लेते हुए अंडर-15 मिश्रित युगल वर्ग के सेमीफाइनल तक भी जगह बनाई।

दिविजा ने एक बयान में कहा कि चेन्नई में ‘गर्व है’ जर्सी पहनकर जीतना ऐसा पल है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगी। जब अदाणी स्पोर्ट्सलाइन ने मेरा समर्थन किया तो मुझे महसूस हुआ कि किसी को मेरी जीत पर पूरा भरोसा है। जब भी मैं टेबल पर उतरती हूं, यह भरोसा मेरे साथ रहता है। मैं इस सफर में मेरा और मेरे परिवार का साथ देने के लिए उनकी आभारी हूं। अब मेरा पूरा ध्यान जालंधर में होने वाली आगामी अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) चैंपियनशिप पर है।

चेन्नई में मिली यह सफलता दिविजा के शानदार प्रदर्शन की कड़ी में एक और उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने फिलीपींस के प्यूर्टो प्रिंसेसा में आयोजित डब्ल्यूटीटी यूथ कंटेंडर 2026 में अंडर-13 एकल वर्ग का स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा, उन्होंने 2025 और 2026 में वडोदरा में आयोजित डब्ल्यूटीटी यूथ कंटेंडर प्रतियोगिताओं में अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग के स्वर्ण पदक भी अपने नाम किए हैं। इसी महीने की शुरुआत में दिविजा ने पंचकूला में आयोजित राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अंडर-13 बालिका वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया था।

दिविजा ने वर्ष 2023 में अपना पहला राष्ट्रीय खिताब जीता था। इस उपलब्धि ने उन्हें पेशेवर टेबल टेनिस खिलाड़ी बनने के लिए और प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने 2025 में दिल्ली में आयोजित यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का अंडर-13 खिताब जीता और उसी वर्ष गांधीनगर में आयोजित यूटीटी राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अंडर-13 युगल वर्ग का खिताब भी अपने नाम किया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0