धनतेरस पर कैट को देशभर में आज एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार होने का अनुमान

06 Nov 2026 13:00:53
धनतेरस पर खरीददारी करते लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कारोबारी संगठन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने धनतेरस के त्यौहार पर आज देशभर में एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का व्यापार होने का अनुमान जताया है। खरीदारी के इस खास दिन पर अकेले सोने और चांदी की बिक्री ही 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहने की संभावना है।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने शुक्रवार को बताया कि देश के प्रमुख बाजारों में सोने-चांदी की कीमतें काफी अधिक होने के बावजूद त्योहार को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता धनतेरस त्योहार से जुड़ी पारंपरिक खरीदारी लगातार कर रहे हैं। दिवाली के पूरे त्योहारी सीजन में यह दिन खरीदारी के सबसे महत्वपूर्ण समय में से एक माना जाता है।

'ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन' (एआईजेजीएफ) ने कहा कि खरीदार सभी श्रेणियों में पारंपरिक निवेश उत्पादों (जैसे सोना-चांदी) के साथ-साथ हल्के वजन वाले आभूषणों को भी काफी पसंद कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के बावजूद खरीदारी का उत्साह बरकरार है। हल्के आभूषणों, चांदी के सिक्कों और पारंपरिक उपहारों की बढ़ी मांग है। उन्होंने कहा कि 14 कैरेट और 18 कैरेट के हल्के सोने के आभूषणों की भारी मांग है।

एआईजेजीएफ ने कहा कि ग्राहक चांदी के सिक्के, सजावटी सामान और मछली, कछुए व हाथी जैसी शुभ मानी जाने वाली आकृतियां भी खरीद रहे हैं। व्यापारी संगठन आज बाद में पूरे देश के लिए विस्तृत अनुमान जारी करेगा। अधिकारी अभी अलग-अलग बाजारों में बिक्री के मौजूदा रुझानों और ग्राहकों की प्रतिक्रिया का आकलन कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0