मसौदा मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर दिल्ली समेत सात राज्यों को फिर से एक मौका

06 Nov 2026 18:31:53
चुनाव आयोग (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। चुनाव आयोग दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और नगालैंड में मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं होने वाले मतदाताओं को एक बार फिर अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने का अवसर प्रदान कर रहा है।

इस संबंध में चुनाव आयोग की ओर से इन राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। इसमें कहा गया है कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दो जगह पर सूचीबद्ध होने के चलते जिन मतदाताओं का नाम काटा है उन्हें फिर से नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा। आयोग ने कहा है कि संबंधित बूथ स्तर के अधिकारी बूथ स्तर के राजनीतिक दलों के एजेंट के साथ मिलकर एक बार फिर छूटे मतदाताओं को फिर से शामिल करने के लिए प्रयास करेंगे।

आयोग ने कहा है कि छूट गए मतदाताओं को दोबारा ईआरओ डैशबोर्ड पर उनके गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। बीएलओ भी घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। मतदाता ईसीआईनेट वेबसाइट और ऐप से भी प्रपत्र डाउनलोड और जमा कर सकेंगे। पता नहीं बदलने पर कारण बताते हुए घोषणा पत्र देना होगा। वहीं राज्य के भीतर पता बदलने पर नए पते का प्रमाण और घोषणा पत्र देना होगा। फॉर्म-8 जरूरी नहीं होगा।

स्वीकृत आवेदनों को अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा और पुराना ईपीआईसी नंबर बहाल होगा। पहले से फॉर्म-6 जमा करने वालों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा। अधिकारियों को व्यापक प्रचार और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0