कतर के अमीर ने ईरान के परमाणु प्रस्ताव पर ट्रंप से बात की

06 Nov 2026 14:21:53
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी । फोटो - इंटरनेट मीडिया


दोहा (कतर), 06 नवंबर (हि.स.)। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर बातचीत की। इस बातचीत में क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए किए जा रहे राजनयिक प्रयासों पर चर्चा हुई। समझा जा रहा है कि अमीर ने ईरान के परमाणु मामले से जुड़े एक प्रस्ताव पर चर्चा की।

अरब न्यूज की रिपोर्ट में अमीर और ट्रंप के बीच फोन वार्ता की संक्षिप्त जानकारी दी गई है। इससे पहले ईरान के एक अधिकारी ने गुरुवार को जानकारी दी कि तेहरान ने कतर के जरिए अमेरिका को परमाणु मामले से जुड़ा एक प्रस्ताव भेजा है। इस प्रस्ताव पर तब तक कोई चर्चा नहीं होगी, जब तक वाशिंगटन ईरान की सात मांगों को पूरा नहीं कर देता।

बताया गया है कि वाशिंगटन फिलहाल इस प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है। तेहरान ने अमेरिका लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने, ईरान की फ्रीज की गई संपत्ति को जारी करने, युद्ध के लिए मुआवजा देने की मांगें की हैं। वाशिंगटन का जोर इस बात पर है कि किसी भी शुरुआती बातचीत में परमाणु मुद्दों को शामिल किया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0