युवा कांग्रेस ने अग्निपथ योजना वापस लेने की मांग की

06 Nov 2026 13:13:53

नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस ने अग्निपथ योजना में ताजा बदलावों को लेकर कहा कि अग्निवीरों की सेवा अवधि चार से बढ़ाकर छह वर्ष करने और नियमित भर्ती का रास्ता खोलने की घोषणा ने मूल योजना की खामियों को उजागर कर दिया है। युवा कांग्रेस ने मांग की कि सरकार आंशिक संशोधनों के बजाय योजना को पूरी तरह वापस ले और सेना में स्थायी भर्ती व्यवस्था बहाल करे।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि देश के युवाओं को स्थायी रोजगार, सम्मान और सुरक्षा चाहिए, न कि उनके भविष्य के साथ प्रयोग। उन्होंने कहा कि सैन्य भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने वर्षों तक संघर्ष किया और न्याय की मांग उठाई, लेकिन सरकार अपनी जिद पर अड़ी रही। अब अग्निवीरों के पहले बैच का कार्यकाल समाप्त होने के करीब है, ऐसे में घोषित बदलाव उनके भविष्य को लेकर नए सवाल खड़े करते हैं।

चिब ने कहा कि देश की सेवा के लिए अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष समर्पित करने वाले युवाओं को भविष्य की निश्चितता, सम्मान और नियमित सैनिकों के समान सेवा लाभ मिलने चाहिए। युवा कांग्रेस उनकी आवाज को अनसुना नहीं होने देगी।

संगठन ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सशस्त्र बलों की मजबूती के लिए स्थायी, पारदर्शी और मजबूत भर्ती व्यवस्था जरूरी है। ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें सैनिकों की गरिमा और सम्मान के साथ युवाओं के करियर की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो तथा सेना का संस्थागत अनुभव और परिचालन क्षमता बरकरार रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0