झारखंड में भीषण सड़क हादसा, सात की मौत, एक घायल

06 Nov 2026 00:28:53
फाइल फोटो


खूंटी, 05 नवंबर (हि.स.)। कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के समीप गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में सात लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, कर्रा रेलवे स्टेशन से तोरपा जाने वाली सड़क पर कॉलोनी के समीप तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे घटनास्थल के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। उसकी आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के समीप कॉलोनी के कुछ लोग दुर्घटना देखने के लिए सड़क पर पहुंचे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को रौंद दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

वहीं, हादसे की जानकारी मिलने पर तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। उन्होंने सात लोगों की मौत की पुष्टि पुष्टि की है। जबकि एक घायल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में कर रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Powered By Sangraha 9.0